कौन हैं DIG संदीप चौधरी? पहलगाम हमले में हाफिज सईद समेत आतंकियों के खिलाफ जुटाए सबूत, अब मिला गृह मंत्री दक्षता पदक
NIA के DIG संदीप चौधरी को पहलगाम आतंकी हमले की जांच में उत्कृष्ट कार्य के लिए केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता ...और पढ़ें

DIG संदीप चौधरी को गृह मंत्री दक्षता पदक।
HighLights
संदीप चौधरी को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक से सम्मानित किया गया।
पहलगाम आतंकी हमले की जांच में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान।
आतंकवाद विरोधी अभियानों में नौ वीरता पदक प्राप्त कर चुके हैं।
जागरण संवाददाता, जम्मू। पहलगाम के बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले की जांच का नेतृत्व करने वाले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के वरिष्ठ अधिकारी संदीप चौधरी को वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक (यूनियन होम मिनिस्टर मेडल फार एक्सीलेंस इन इन्वेस्टिगेशन) से सम्मानित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को इस वर्ष के पदक विजेताओं की घोषणा की।
चौधरी को यह सम्मान उत्कृष्ट जांच कार्य के लिए दिया गया है। वह वर्तमान में एनआईए में डीआईजी के पद पर कार्यरत हैं। एजीएमयूटी कैडर के वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी संदीप चौधरी ने 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले की जांच में अहम भूमिका निभाई थी।
इस कायराना हमले में आतंकियों ने 26 लोगों की जान ले ली थी। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए एनआईए ने जांच अपने हाथ में ली थी। चौधरी के नेतृत्व में जांच एजेंसी ने हमले की साजिश, आतंकियों के नेटवर्क और इसमें शामिल आरोपितों की भूमिका की गहन पड़ताल की।
शोपियां, अनंतनाग और श्रीनगर जैसे संवेदनशील जिलों में संभाली कमान
इस मामले में लश्कर-ए-तैयबा के हाफिज सईद और साजिद जट्ट सहित आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। एनआईए में तैनाती से पहले संदीप चौधरी शोपियां, अनंतनाग और श्रीनगर जैसे संवेदनशील जिलों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर सेवाएं दे चुके हैं।
इस दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया। वर्ष 2021 में उनके नेतृत्व में चलाए गए अभियान में हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर सैयद नवीद मुश्ताक उर्फ नवीद बाबू को तत्कालीन डीएसपी दविंदर सिंह के साथ गिरफ्तार किया गया था।
नौ बार मिला वीरता पदक
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ अभियानों में उनकी उल्लेखनीय भूमिका के लिए उन्हें अब तक नौ बार वीरता पदक से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा थल सेनाध्यक्ष, उत्तरी कमान के जनरल आफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, भारतीय वायुसेना की पश्चिमी वायु कमान तथा सीआरपीएफ, जम्मू-कश्मीर पुलिस, पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरएंडडी) और एनआईए के महानिदेशकों की ओर से भी उन्हें प्रशंसा डिस्क प्रदान की जा चुकी हैं।
लगातार चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियों को निभाने और आतंकवाद से जुड़े संवेदनशील मामलों की प्रभावी जांच में योगदान देने वाले संदीप चौधरी को मिला यह सम्मान उनकी पेशेवर दक्षता और समर्पण को राष्ट्रीय स्तर पर मिली एक और पहचान है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।