एनएचएम कर्मी ड्यूटी पर लौटे
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब पैंतीस दिन के बाद स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हो
राज्य ब्यूरो, जम्मू : राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में करीब पैंतीस दिन के बाद स्वास्थ्य सेवाएं बहाल हो गई हैं। हड़ताल पर बैठे नेशनल हेल्थ मिशन (एनएचएम) के कर्मचारी सोमवार को ड्यूटी पर लौट आए। इससे राज्यभर में बंद पड़े एक सौ से अधिक प्राथमिक चिकित्सा केंद्र और उप केंद्रों में फिर से कामकाज शुरू हो गया है। वहीं, बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को फिर से बहाल करने पर असमंजस बना हुआ है।
राज्य में करीब 12 हजार एनएचएम कर्मचारी हड़ताल पर थे। विभिन्न जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों ने इनमें से करीब साढे़ तीन सौ को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। बीते रविवार को राज्यपाल के आश्वासन के बाद यह कर्मचारी काम पर तो लौट आए, लेकिन बर्खास्त किए गए कर्मचारियों को अभी तक राहत नहीं मिल पाई है। वे सोमवार को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव से मिले। उन्होंने इस मामले में राज्यपाल के सलाहकार से मिलने के लिए कहा। अभी तक कर्मचारियों की सलाहकार से मुलाकात नहीं हो पाई है। वहीं, कर्मचारियों के ड्यूटी पर लौटने से अधिकारियों ने राहत की सांस ली है। इन कर्मचारियों के हड़ताल पर बैठने से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही थीं।