लद्दाख में पक्षियों की 430 प्रजातियों को बचाने की तैयारी, NGT ने प्रशासन से मांगा जवाब; अब क्या होगा अगला कदम?
नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) ने लद्दाख प्रशासन से केंद्र शासित प्रदेश में पाई जाने वाली 430 पक्षी प्रजातियों के संरक्षण के लिए एक वैज्ञानिक अध्ययन पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।

लद्दाख के 430 पक्षी प्रजातियों के संरक्षण पर NGT सख्त। (फाइल फोटो)
HighLights
NGT ने लद्दाख में 430 पक्षी प्रजातियों के संरक्षण पर मांगा रुख।
वैज्ञानिक अध्ययन से पक्षियों पर मंडराते खतरों का होगा आकलन।
WII और SACON ने व्यापक अध्ययन की सिफारिश की।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) ने लद्दाख प्रशासन से केंद्र शासित प्रदेश में पाई जाने वाली पक्षियों की 430 प्रजातियों के संरक्षण के लिए व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन करवाने के प्रस्ताव पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है। इस अध्ययन का उद्देश्य पक्षियों के सामने मौजूद खतरों का आकलन करना और उनके संरक्षण के लिए प्रभावी उपाय सुझाना है।
एनजीटी के अध्यक्ष जस्टिस प्रकाश श्रीवास्तव तथा विशेषज्ञ सदस्य ए. सेंथिल वेल और अफरोज अहमद की पीठ ने पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय को प्रस्तावित अध्ययन के संबंध में आवश्यक निर्देश प्राप्त करने के लिए चार सप्ताह का समय दिया है।
वहीं, लद्दाख प्रशासन को हलफनामा दाखिल कर यह स्पष्ट करने का निर्देश दिया गया है कि वह भारतीय वन्यजीव संस्थान और सलीम अली पक्षी विज्ञान एवं प्राकृतिक इतिहास केंद्र (सैकान) से यह अध्ययन करवाने के पक्ष में है या नहीं।
यह मामला 16 नवंबर, 2024 को प्रकाशित एक मीडिया रिपोर्ट से संबंधित है। गत 19 नवंबर को सुनवाई के दौरान एनजीटी ने भारतीय वन्यजीव संस्थान और सैकान की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट पर विचार किया। रिपोर्ट में कहा गया कि लद्दाख में पक्षियों की विभिन्न प्रजातियों पर मंडरा रहे खतरों का व्यवस्थित वैज्ञानिक आकलन करने और प्रभावी संरक्षण एवं प्रबंधन उपाय सुझाने के लिए व्यापक अध्ययन की कमी है।
पक्षियों की मौजूदगी का रिकॉर्ड
रिपोर्ट के अनुसार, क्षेत्र में समय-समय पर पक्षियों के सर्वेक्षण किए गए हैं और पक्षी प्रेमी भी नियमित रूप से उनकी मौजूदगी का रिकार्ड तैयार करते हैं। हालांकि, मानवीय गतिविधियों, विशेषकर अनियंत्रित पर्यटन से पक्षियों और उनके प्राकृतिक आवास पर पड़ने वाले प्रभावों का समग्र आकलन अब तक नहीं किया गया है।
प्रस्तावित अध्ययन के तहत पक्षियों की प्रमुख प्रजनन और प्रवासी स्थलों पर उनकी वर्तमान स्थिति से जुड़े आंकड़े जुटाए जाएंगे। इसके अलावा, पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही सहित मानवीय गतिविधियों से उत्पन्न दबाव और उनके पर्यावरणीय प्रभाव का आकलन किया जाएगा। अध्ययन में विभिन्न प्रजातियों और भूमि उपयोग के आधार पर संरक्षण रणनीतियां तैयार करने की भी सिफारिश की गई है।
एनजीटी में मामले की अगली सुनवाई 5 मार्च 2027 को होगी
इस वैज्ञानिक अध्ययन के माध्यम से लद्दाख के उच्च हिमालयी शीत मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र में रहने वाले प्रजनन करने वाले और प्रवासी पक्षियों की स्थिति का आकलन किया जाएगा। साथ ही, उनकी आबादी और प्राकृतिक आवास के लिए प्रमुख खतरों की पहचान कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध किया जाएगा। सामाजिक, आर्थिक और पारिस्थितिक पहलुओं को ध्यान में रखते हुए इन खतरों को कम करने के लिए प्रबंधन एवं संरक्षण संबंधी उपाय सुझाए जाएंगे।
भारतीय वन्यजीव संस्थान और सैकान ने अपनी रिपोर्ट में पर्यावरण मंत्रालय तथा लद्दाख प्रशासन से पर्याप्त वित्तीय और लाजिस्टिक सहायता के साथ इस व्यापक वैज्ञानिक अध्ययन को शुरू करवाने की सिफारिश की है।एनजीटी ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 5 मार्च, 2027 की तारीख निर्धारित की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।