जम्मू-कश्मीर में पर्यावरण संरक्षण के लिए इंवायरमेंट टास्क फोर्स के गठन की जरूरत
अगर पेड़ काटना मजबूरी है तो उसके स्थान पर और पेड़ लगाने की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। बहरहाल इंवायरमेंटल टास्क फोर्स का गठन जल्दी से जल्दी किया जाना चरहिए। केवाईएस मन्हास ने देश विदेश में पर्यावरण की स्थिति पर अपना नजरिया रखा और अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
जम्मू, जागरण संवाददाता : सेवानिवृत प्रिंसिपल डिस्ट्रिक एंड सेशन जज केवाईएस मन्हास जोकि वी द हयूमन संस्था के चेयरमैन भी हैं, ने मांग की है कि जम्मू कश्मीर में हरियाली बरकरार रखने, पौधे लगाने व संरक्षित करने के लक्ष्य को सामने रखकर इंवायरमेंटल टास्क फोर्स गठित की जाए। इससे जम्मू कश्मीर में हरियाली के कवच का संरक्षण हो सकेगा।
वह बड़ी ब्राहमणा में पौध रोपण कार्यक्रम के दौरान अपने विचार रख रहे थे। उन्होंने कहा कि एक नीति बननी चाहिए ताकि पर्यावरण में घुल रहे प्रदूषण को सख्ती से कम किया जाए। पिछले एक दशक से जम्मू कश्मीर में ढांचागत निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है लेकिन इससे कहीं न कहीं पर्यावरण प्रभावित भी हुआ है।
हमें पेड़ को कटने से बचाना है और अगर पेड़ काटना मजबूरी है तो उसके स्थान पर और पेड़ लगाने की जिम्मेदारी भी संभालनी होगी। बहरहाल इंवायरमेंटल टास्क फोर्स का गठन जल्दी से जल्दी किया जाना चरहिए। केवाईएस मन्हास ने देश, विदेश में पर्यावरण की स्थिति पर अपना नजरिया रखा और अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
मौके पर प्रशांत सिंह चाड़क, बलकार सिंह भी उपस्थित थे, जिन्होंने बताया कि सांबा जिले में इस माह तक 1500 पौधे लगाने का लक्ष्य है जिसे हम पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पौध रोपण कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों का पूरा सहायोग मिल रहा है।
कैप्टन ललित शर्मा, आईएफएस ने जलवायु परिवर्तन पर अपने विचार रखे और वहीं कहा कि अब समय आ गया कि हमें पर्यावरण संरक्षण के लिए बढ़चढ़ कर काम करना है। इसके लिए हमें लोगों का साथ मिलना चाहिए। हर एक व्यक्ति को पेड़ लगाने और उसको संरक्षित करने की जिम्मेदारी लेनी होगी। खासकर युवाओं को आगे आने के लिए कहा गया। वहीं उन्होंने वी द हयूमन संस्था द्वारा कराए जा रहे कार्यों की उन्होंने बारीकी से जानकारी दी।