विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू में एनडीए परीक्षा में दिखा युवाओं का जोश, सेना और वायुसेना में अधिकारी बनने के लिए दी परीक्षा

Published: Mon, 14 Sep 2026 07:19 AM (IST)

जम्मू-कश्मीर में हजारों युवाओं ने सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनने के लिए एनडीए प्रवेश परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह परीक्षा दो चरणों में आयोजित की गई।

जम्मू-कश्मीर में हजारों बेटियों ने भी आजमाया भाग्य।

जम्मू-कश्मीर में हजारों बेटियों ने भी आजमाया भाग्य।

HighLights

  1. हजारों युवाओं ने एनडीए प्रवेश परीक्षा में उत्साहपूर्वक भाग लिया

  2. सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनने का सपना

  3. परीक्षा दो चरणों में हुई, गणित और सामान्य योग्यता

जागरण संवाददाता, जम्मू। देशभर के साथ जम्मू-कश्मीर में भी रविवार को सेना, नौसेना और वायुसेना में अधिकारी बनने का सपना संजोए हजारों युवाओं ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) की प्रवेश परीक्षा दी।

जम्मू शहर और आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न स्कूलों व कालेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। संभाग के दूरदराज इलाकों से भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे। इस बार परीक्षा में युवकों के साथ युवतियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में सुबह से ही खासा उत्साह नजर आया। निर्धारित समय से काफी पहले ही विद्यार्थी अपने-अपने परीक्षा केंद्रों के बाहर पहुंचना शुरू हो गए थे।

अभ्यार्थियों संग पहुंचे अभिभावक भी

अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र और आवश्यक दस्तावेजों की जांच के बाद उन्हें परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ भी देखने को मिली, जो परीक्षा समाप्त होने तक अपने बच्चों का इंतजार करते रहे।

दो चरणों में आयोजित की गई परीक्षा

एनडीए की परीक्षा दो चरणों में आयोजित की गई। पहले चरण में गणित का प्रश्नपत्र हुआ, जबकि दूसरे चरण में सामान्य योग्यता परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की निर्धारित नियमों के अनुसार जांच की गई।

केंद्रों पर अनुशासन बनाए रखने के लिए परीक्षा प्रबंधन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए थे। परीक्षा देकर बाहर निकले अभ्यर्थियों के चेहरे पर आत्मविश्वास नजर आया। कई विद्यार्थियों ने बताया कि गणित का पेपर कुछ स्थानों पर चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन कुल मिलाकर प्रश्नपत्र उनकी तैयारी के अनुरूप था।

सामान्य योग्यता परीक्षा को भी उन्होंने संतोषजनक बताया। अभ्यर्थियों ने कहा कि अब उनकी नजर परिणाम और मेरिट पर टिकी है। अच्छी मेरिट के जरिए वे देश की प्रतिष्ठित सैन्य प्रशिक्षण संस्था में प्रवेश हासिल कर अधिकारी बनने की दिशा में कदम बढ़ाना चाहते हैं।

उधर, परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की टीमें तैनात रहीं तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में NHM कर्मचारियों की हड़ताल बढ़ी! मंत्री सकीना इट्टू सख्त, बोलीं- काम पर लौटें, वरना होगी कार्रवाई