विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लद्दाख में निकाय चुनाव से पहले नया सियासी गठजोड़, कारगिल में नेकां-जमीअत उलमा ने मिलाया हाथ; कांग्रेस अलग

Published: Sat, 31 Oct 2026 12:00 PM (IST)

Kargil local body elections: कारगिल निकाय चुनाव के लिए नेशनल कॉन्फ्रेंस और जमीअत उलमा इथना अशरिया ने गठबंधन किया है। ...और पढ़ें

कारगिल की 17 सीटों पर नेकां-जमीअत उलमा मिलकर लड़ेंगे चुनाव। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

कारगिल की 17 सीटों पर नेकां-जमीअत उलमा मिलकर लड़ेंगे चुनाव। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. नेकां और जमीअत उलमा इथना अशरिया में चुनावी समझौता।

  2. दोनों दल करगिल की सभी 17 सीटों पर लड़ेंगे।

  3. उम्मीदवार नेशनल कॉन्फ्रेंस के चुनाव चिन्ह पर लड़ेंगे।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। लद्दाख में आगामी 21 नवंबर को होने जा रहे नगर निकाय चुनाव को लेकर कारगिल की सियासत में नए चुनावी समीकरण सामने आने लगे हैं। नेशनल कान्फ्रेंस (नेकां) ने आगामी कारगिल नगर निकाय चुनाव के लिए जमीअत उलमा इथना अशरिया कारगिल के साथ चुनावी समझौता किया है।

दोनों संगठनों ने निकाय की सभी 17 सीटों पर आपसी तालमेल और सहमति के आधार पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। फिलहाल नेकां का कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं हुआ है।

इस समझौते के तहत मैदान में उतरने वाले सभी उम्मीदवार नेशनल कान्फ्रेंस के पार्टी जनादेश और चुनाव निशान पर ही चुनाव लड़ेंगे। दोनों पक्षों ने उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया में आपसी सहयोग, समन्वय और सम्मान बनाए रखने पर सहमति जताई है।

कारगिल के 17 और लेह के 21 वार्डों में होगा मतदान

कारगिल नगर समिति के 17 वार्डों और लेह नगर समिति के 21 वार्डों के लिए मतदान होगा। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख पांच नवंबर है। पूरी चुनाव प्रक्रिया 30 नवंबर तक संपन्न की जाएगी।

पिछले चुनाव में नेकां ने 12 और कांग्रेस ने जीती थीं 10 सीटें

नेकां प्रवक्ता के अनुसार, नेकां और कांग्रेस के बीच पिछला राजनीतिक समझौता लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद (एलएएचडीसी), कारगिल के पिछले कार्यकाल तक सीमित था। पांचवीं एलएएचडीसी करगिल के गत 21 अक्टूबर को भंग होने के साथ ही वह राजनीतिक समझौता भी समाप्त हो गया।

पिछले चुनाव में नेशनल कान्फ्रेंस ने 12 और कांग्रेस ने 10 सीटें जीती थीं। वहीं, भाजपा को दो और निर्दलीय उम्मीदवारों को दो सीटें मिली थीं।

कारगिल में अक्टूबर 2018 में हुए थे पिछले नगर निकाय चुनाव

 

कारगिल में पिछली बार नगर निकाय चुनाव अक्टूबर 2018 में हुए थे। उस समय कारगिल नगर समिति में कुल 13 वार्ड थे। चुनाव में कांग्रेस ने पांच और आठ वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार विजयी हुए थे।

उस समय नेशनल कान्फ्रेंस और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी ने अनुच्छेद 35-ए को लेकर अपनी आपत्तियों के चलते नगर निकाय चुनावों का बहिष्कार किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।