नेकां में बगावत थामने के लिए फारूक का नया फॉर्मूला, नाराज विधायकों को लिखा पत्र; पसंद के 3 मंत्रियों के नाम मांगे
नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कैबिनेट विस्तार के बाद विधायकों में उभरे असंतोष को दूर करने की पहल की है। फारूक अब्दुल्ला ...और पढ़ें

नेशनल कॉन्फ्रेंस में असंतुष्ट विधायकों को साधने की कवायद तेज। (फाइल फोटो)
HighLights
कैबिनेट विस्तार के बाद नेशनल कॉन्फ्रेंस में असंतोष उभरा।
फारूक अब्दुल्ला ने विधायकों से पसंदीदा मंत्रियों के नाम मांगे।
पार्टी-सरकार समन्वय हेतु सलाहकार समूह बनाने का निर्णय।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर हालिया कैबिनेट विस्तार के बाद उभरे असंतोष को दूर करने और विधायकों को सरकार के कामकाज में अधिक भागीदारी देने के लिए पार्टी नेतृत्व ने पहल शुरू कर दी है। पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने विधायकों से उनकी पसंद के तीन मंत्रियों के नाम प्राथमिकता के क्रम में मांगे हैं। इसके साथ ही प्रत्येक मंत्री के साथ विधायकों के अनौपचारिक सलाहकार समूह गठित करने का निर्णय लिया गया है।
इसे पार्टी और सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने तथा नाराज विधायकों की शिकायतों का समाधान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हालांकि, नेशनल कांफ्रेंस के प्रवक्ता इमरान नबी डार ने कहा कि उन्हें फारूक अब्दुल्ला के पत्र लिखने की जानकारी नहीं है।
मंत्रिमंडल विस्तार के बाद खुलकर सामने आया नेकां के भीतर असंतोष
नेशनल कॉन्फ्रेंस में असंतोष की स्थिति मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की ओर से 27 अक्टूबर को मंत्रिमंडल के विस्तार के बाद सामने आई थी। इस विस्तार में चार नए मंत्रियों को शामिल किया गया था। मंत्रिमंडल में जगह नहीं मिलने और वरिष्ठता एवं अनुभव को पर्याप्त महत्व नहीं दिए जाने से कई वरिष्ठ विधायक नाराज बताए गए।
इसके बाद करीब 18 विधायकों ने श्रीनगर में अलग बैठक कर अपनी शिकायतों और मांगों पर चर्चा की थी। विधायकों की ओर से सरकार के कामकाज, मंत्रियों के बीच विभागों के बंटवारे, मुख्यमंत्री के सलाहकार की भूमिका तथा चुनावी वादों को पूरा करने जैसे मुद्दे भी उठाए गए।
नाराज विधायकों को मनाने फारूक और उमर अब्दुल्ला ने की बैठक
इस असंतोष के बीच पार्टी नेतृत्व ने 6 नवंबर को श्रीनगर में डॉ. फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की मौजूदगी में नाराज विधायकों के साथ बैठक की। इससे पहले विधायकों ने पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता हसनैन मसूदी के आवास पर भी कई घंटे तक बैठक कर अपनी मांगों और शिकायतों पर विचार-विमर्श किया था।
बाद में पार्टी नेतृत्व के साथ हुई करीब दो घंटे की बैठक में विधायकों ने अपनी चिंताओं से अवगत कराया। डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने विधायकों की शिकायतों को जायज बताते हुए आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। उन्होंने पार्टी में किसी तरह की टूट की आशंका को भी खारिज किया।
हर मंत्री के साथ बनेगा विधायकों का अनौपचारिक सलाहकार समूह
इसी कवायद के तहत डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने विधायकों को भेजे पत्र में कहा है कि हाल ही में पार्टी के कुछ विधायकों के साथ हुई बैठक में प्रत्येक मंत्री के साथ विधायकों के अनौपचारिक सलाहकार समूह गठित करने पर सहमति बनी थी। ये समूह पार्टी और सरकार के बीच सेतु का काम करेंगे। .
मंत्रियों को अपने-अपने सलाहकार समूहों के साथ नियमित बैठकें करनी होंगी और उन्हें प्रमुख नीतिगत फैसलों तथा संबंधित विभागों में हो रही प्रगति की जानकारी देनी होगी।
तीन मंत्रियों के नाम मांगे
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रत्येक विधायक को दो सलाहकार समूहों का सदस्य बनाया जाएगा। विधायकों को उनकी पसंद के मंत्रियों के साथ जोड़ने के लिए उनसे तीन मंत्रियों के नाम प्राथमिकता के क्रम में लिखित रूप में मांगे गए हैं।
सभी विधायकों की प्राथमिकताएं प्राप्त होने के बाद सलाहकार समूहों की सूची तैयार कर अधिसूचित की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को अधिकतम दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पार्टी नेतृत्व की इस पहल को कैबिनेट विस्तार के बाद पैदा हुई नाराजगी को कम करने, विधायकों को निर्णय प्रक्रिया में शामिल करने और सरकार के कामकाज पर पार्टी विधायकों की निगरानी एवं संवाद को संस्थागत रूप देने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।