विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवरात्र में बावे वाली माता जाने वालों के लिए खबर, 11-19 अक्टूबर तक बदलेगा रूट; जानें पार्किंग नियम

Published: Fri, 09 Oct 2026 05:33 PM (IST)

नवरात्र महोत्सव के दौरान जम्मू में बाहु फोर्ट स्थित काली माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 11 से 19 अक्टूबर तक यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।

नवरात्र में बावे वाली माता मंदिर जाने का रूट बदला। (फाइल फोटो)

नवरात्र में बावे वाली माता मंदिर जाने का रूट बदला। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. बाहु फोर्ट मंदिर के लिए 11 से 19 अक्टूबर तक वन-वे रूट।

  2. बागे बाहु क्रासिंग से कासिम नगर-राइका फारेस्ट चेक पोस्ट से आवाजाही।

  3. श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करना होगा।

जागरण संवाददाता, जम्मू। नवरात्र महोत्सव के दौरान बागे बाहु स्थित काली माता मंदिर में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। यह व्यवस्था 11 से 19 अक्टूबर तक लागू रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से निर्धारित रूट और पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार बाहु मंदिर की ओर वाहनों की आवाजाही के लिए वन-वे व्यवस्था रहेगी। बागे बाहु क्रासिंग को डायवर्जन प्वाइंट बनाया गया है। बाहु फोर्ट की ओर जाने वाले सभी हल्के और यात्री वाहनों को बागे बाहु क्रासिंग से कासिम नगर-राइका फारेस्ट चेक पोस्ट होते हुए बाहु मंदिर की ओर भेजा जाएगा।

नवरात्र के दौरान भारी वाहनों को राइका फारेस्ट चेक पोस्ट से बागे बाहु और बाहु फोर्ट क्षेत्र की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। ट्रैफिक पुलिस ने श्रद्धालुओं से वन-वे व्यवस्था का सख्ती से पालन करने को कहा है, ताकि वाहनों की आवाजाही सुचारु बनी रहे।

सड़क पर पार्किंग करने पर होगी कार्रवाई

श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क के दोनों ओर किसी भी तरह की पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। सड़क पर गलत तरीके से खड़े पाए जाने वाले वाहनों को टो करके हटाया जाएगा और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ट्रैफिक पुलिस ने श्री रघुनाथ जी मंदिर, श्री रणबीरेश्वर मंदिर और कंडोली माता मंदिर नगरोटा जाने वाले श्रद्धालुओं से भी मंदिरों के पास निर्धारित पार्किंग में ही वाहन खड़े करने की अपील की है। सड़क पर वाहन खड़ा करने से यातायात प्रभावित होने पर कार्रवाई की जाएगी।

निर्धारित पार्किंग स्थल

- बाहु मंदिर के पास नया जेडीए पार्किंग स्थल
- बाहु मंदिर के सामने मुख्य पेड पार्किंग
- सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल बागे बाहु का मैदान
- बाग-ए-बाहु के पास रेलवे पार्किंग