जम्मू के 12वीं पास युवा ने लिखी कामयाबी की नई इबारत, 10 पशुओं से शुरू किया डेयरी फार्म; अब 3 लोगों को दे रहे रोजगार
Vikram Singh Success Story: आरएसपुरा के विक्रम सिंह ने डेयरी व्यवसाय से न केवल खुद को रोजगार दिया, बल्कि तीन अन्य लोगों को भी काम पर रखा है।

भारत-पाक सीमा से सटे गांव के युवा ने खड़ा किया डेयरी कारोबार। (फोटो- जागरण)
HighLights
विक्रम सिंह ने डेयरी व्यवसाय से खुद और तीन लोगों को रोजगार दिया।
पशु चारे की बढ़ती कीमत से डेयरी किसानों का मुनाफा घट रहा।
सरकार युवाओं को प्रशिक्षण और दूध का उचित मूल्य सुनिश्चित करे।
दलजीत सिंह, आरएसपुरा। किसानों की आमदनी बढ़ाने और ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से सरकार ने दुग्ध ग्राम विकसित करने और डेयरी व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए कई योजनाएं शुरू कीं। पांच वर्ष पहले इस दिशा में बड़े लक्ष्य निर्धारित किए गए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर डेयरी किसानों की चुनौतियां अब भी कम नहीं हुई हैं। पशुओं के चारे और फीड की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जबकि दूध के बिक्री मूल्य में कोई खास बदलाव नहीं आया है। नतीजतन डेयरी व्यवसाय से जुड़े किसानों का मुनाफा प्रभावित हो रहा है।
इन चुनौतियों के बीच भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे गांव चंदू चक के युवा चौधरी विक्रम सिंह ने डेयरी व्यवसाय को अपनी आजीविका का माध्यम बनाकर न केवल खुद के लिए रोजगार खड़ा किया है, बल्कि तीन अन्य लोगों को भी काम दिया है।
12वीं कक्षा तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने अपने पिता के साथ डेयरी व्यवसाय से जुड़ने का फैसला किया। सरकार की इंटीग्रेटेड डेयरी डेवलपमेंट स्कीम के तहत मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने इस व्यवसाय की शुरुआत की और आज उनके पास अच्छी नस्ल की गायों और भैंसों सहित करीब 20 पशु हैं। इनसे वह प्रतिदिन लगभग दो क्विंटल दूध का उत्पादन कर रहे हैं।
अब जम्मू शहर तक पहुंचा रहे दूध
विक्रम सिंह बताते हैं कि उन्होंने इंटीग्रेटेड डेयरी डेवलपमेंट योजना का लाभ लेकर करीब 10 पशुओं के साथ डेयरी व्यवसाय शुरू किया था। योजना के तहत सरकार की ओर से उन्हें प्रति पशु लगभग 40 हजार रुपये की सब्सिडी मिली, जिससे कारोबार खड़ा करने में काफी मदद मिली।
धीरे-धीरे उन्होंने अपने डेयरी फार्म का विस्तार किया और आज आरएसपुरा के साथ-साथ जम्मू शहर में भी दूध की आपूर्ति कर रहे हैं। उनका कहना है कि डेयरी व्यवसाय में अच्छी संभावनाएं हैं और यदि सरकार की ओर से आगे भी सहयोग मिलता है तो वह इसे और बड़े स्तर पर विकसित करना चाहते हैं।
फीड महंगी, लेकिन दूध के दाम वही
विक्रम का कहना है कि डेयरी व्यवसाय में सबसे बड़ी चुनौती पशुओं के रखरखाव पर बढ़ता खर्च और दूध का उचित मूल्य नहीं मिलना है। वर्तमान में वह गाय का दूध 35 से 40 रुपये प्रति लीटर और भैंस का दूध 60 से 70 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से बेच रहे हैं। हाल ही में पशुओं की फीड की कीमत में करीब 200 रुपये की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन दूध के बिक्री मूल्य में कोई बदलाव नहीं हुआ।
पशुओं के चारे, फीड, दवाइयों और अन्य जरूरतों पर लगातार खर्च बढ़ रहा है। ऐसे में डेयरी किसानों का मुनाफा कम होता जा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि किसानों की बढ़ती लागत को ध्यान में रखते हुए दूध का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस व्यवसाय से जुड़े लोगों को बेहतर आमदनी हो सके।
युवाओं को डेयरी व्यवसाय से जोड़ने की जरूरत
विक्रम का कहना है कि वह गांव के अन्य युवाओं को भी डेयरी व्यवसाय से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे हैं, लेकिन युवाओं में इस व्यवसाय को लेकर पर्याप्त जानकारी और तकनीकी प्रशिक्षण की कमी एक बड़ी बाधा है। आज के युवा इस व्यवसाय की संभावनाओं और इससे होने वाली आमदनी के बारे में पूरी तरह जागरूक नहीं हैं।
सरकार को चाहिए कि युवाओं के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें उन्हें पशुओं की देखभाल, अच्छी नस्ल के पशुओं का चयन, दूध उत्पादन और आधुनिक डेयरी फार्म के संचालन की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि उनका डेयरी फार्म अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे क्षेत्र में स्थित है।
ऐसे सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले किसानों और युवाओं को विशेष प्रोत्साहन देने की जरूरत है। सरकार को आधुनिक तकनीक से लैस डेयरी फार्म और शेड तैयार करने के लिए भी सब्सिडी उपलब्ध करवानी चाहिए, ताकि पशुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और दूध उत्पादन में वृद्धि हो सके।
दुग्ध ग्राम योजना को जमीन पर मजबूत बनाने की जरूरत
विक्रम का मानना है कि पहले गांवों में किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन और डेयरी व्यवसाय को भी अपनी आजीविका का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते थे, लेकिन धीरे-धीरे युवा वर्ग इस व्यवसाय से दूर होता जा रहा है। जबकि डेयरी ऐसा कारोबार है, जिसके माध्यम से युवा खुद रोजगार हासिल करने के साथ-साथ दूसरे लोगों को भी रोजगार दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दुग्ध ग्राम विकसित करने का फैसला सराहनीय है, लेकिन इसकी सफलता के लिए अभी और प्रयास करने की जरूरत है। किसानों को आर्थिक सहायता देने के साथ दूध का उचित मूल्य, आधुनिक डेयरी सुविधाएं और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध करवाना जरूरी है।
यदि इन पहलुओं पर ध्यान दिया जाए तो सीमावर्ती गांवों सहित ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक युवा डेयरी व्यवसाय को अपनाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।