विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: 4 पशुओं से शुरू किया दूध का काम, अब खोया-पनीर से हो रही अच्छी कमाई; जानें कैसे बदली पंकज शर्मा की किस्मत

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:56 AM (IST)

विजयपुर निवासी पंकज शर्मा ने दूध व्यवसाय में कम मुनाफे के बाद सरकारी मदद से खोया और पनीर बनाना शुरू किया। इस नए कदम से उनकी आय में काफी वृद्धि हुई है और अब वे अपनी दुकान में दुग्ध उत्पाद बेचकर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं।

सरकारी मशीनों से अब खोया-पनीर बेच रहे पंकज शर्मा।

सरकारी मशीनों से अब खोया-पनीर बेच रहे पंकज शर्मा।

जागरण संवाददाता, सांबा। सांबा जिले में भी कई किसान ऐसे हैं जो सरकार एवं संबंधित विभाग से मदद लेकर अपना अच्छा काम कर रहे हैं। विजयपुर के पंकज शर्मा ने पांच वर्ष पूर्व घर में तीन से चार पशु रख कर दूध का काम शुरू किया। सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर अब अच्छी कमाई होने लगी है।

पंकज बताते हैं कि दूध का काम करते समय इतना अच्छा मुनाफा नहीं होता, सिर्फ घर का गुजारा ही होता था। पशुपालन विभाग से जुड़कर कई छोटी-छोटी योजनाओं का लाभ लिया, जिसके बाद इसी वर्ष फरवरी महीने में एकीकृत डेयरी विकास योजना से लाभ लेकर खोया और पनीर बनाने वाली मशीन ली। 

मशीनों से बची मजदूरों पर होने वाली कमाई

उन्होंने बताया कि इससे अब काम में काफी वृद्धि आई और अच्छा खासा मुनाफा भी हो रहा है। दोनों मशीनें विभाग की ओर से दी गई हैं। अब एक दुकान भी किराये पर ली है, जहां खोया और पनीर बेचते हैं।

मशीन लेने से पहले मजदूरों से काम कराना पड़ता था, जिससे आधी कमाई उन्हें देनी पड़ती थी, परन्तु अब मजदूरों को दिए जाने वाले पैसे बच जाते हैं। अभी भी घर में सात दुधारू पशु हैं जिनके दूध से हम पनीर और खोया बनाते हैं।

तीन साल में 240 डेयरी किसानों को मिला विभागीय लाभ

जिला कृषि अधिकारी, सांबा डा. नरिंदर सिंह स्लाथिया ने बताया कि पशुपालन विभाग ने जिले में तीन वर्षों में डेयरी उत्पादन के लिए लगभग 240 के करीब डेरी चलाने वाले किसानों को लाभ दिया है। इनमें कुछ किसान समूह बनाकर काम कर रहे हैं।

इनमें महिला किसान भी शामिल हैं जो विभाग से लाभ लेकर अच्छा मुनाफा कमा रही हैं। लाभ लेने वाले किसानों को पशु माली मदद, पशु के गोबर से खाद बनाने के लिए वर्मीकंपोस्ट का यूनिट, दूध निकालने वाली मशीन, दूध से दही, पनीर, एवं अन्य सामान बनाने वाली वाली मशीन आदि शामिल हैं।

जिले में कई किसान औरों के लिए मिसाल बने हुए हैं आज से कुछ वर्ष पहले एक साधारण किसान भी आज के समय में विभाग से जुड़कर अच्छी कमाई कर रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।