जम्मू-कश्मीर में डॉक्टरों को बड़ी उपलब्धि, नारायणा अस्पताल में 3 मरीजों की दुर्लभ इमरजेंसी सर्जरी कर बचाई जान
श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल कटड़ा में तीन गंभीर मरीजों की आपातकालीन सर्जरी सफलतापूर्वक की गई।

इमरजेंसी स्थिति से जूझ रहे तीन मरीजों की सर्जरी कर बचाई जान। फाइल फोटो
HighLights
नारायणा अस्पताल कटड़ा में तीन गंभीर मरीजों की सफल सर्जरी।
फेफड़ों में रक्त के थक्के, रक्तस्राव, धमनियों में रुकावट का इलाज।
डॉ. विनोद भान और डॉ. रोमिल दत्त शर्मा ने की सर्जरी।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल कटड़ा के कार्डियोथोरेसिक एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग की टीम ने तीन गंभीर और दुर्लभ चिकित्सा आपातकालीन मामलों में सफलतापूर्वक सर्जरी कर मरीजों की जान बचाई।
तीनों मरीजों की आपातकालीन सर्जरी की गई। उपचार के बाद सभी मरीजों की हालत में सुधार हुआ और उन्हें स्थिर स्थिति में अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सर्जरी अस्पताल के वरिष्ठ सलाहकार एवं सीटीवीएस विशेषज्ञ डॉ. विनोद भान तथा डॉ. रोमिल दत्त शर्मा ने की।
पहले मामले में पेट की सर्जरी के बाद एक मरीज को सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। जांच में फेफड़ों की धमनियों में बड़े रक्त के थक्के (पल्मोनरी एम्बोलिज्म) की पुष्टि हुई। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल पल्मोनरी आर्टरी एम्बोलेक्टामी सर्जरी की गई, जिसके माध्यम से रक्त के थक्के को हटाकर फेफड़ों में रक्त प्रवाह बहाल किया गया।
दूसरे मामले में पहले से पल्मोनरी ट्यूबरकुलोसिस से पीड़ित मरीज को बार-बार खून की उल्टी यानी खांसी के साथ खून आने की गंभीर समस्या थी। जांच में प्रभावित फेफड़े से अत्यधिक रक्तस्राव का पता चला। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आपातकालीन लोबेक्टामी सर्जरी की गई, जिसमें फेफड़े के रोगग्रस्त हिस्से को हटाया गया।
तीसरे मामले में एक मरीज के बाएं पैर में तेज दर्द और नाड़ी का स्पंदन महसूस नहीं हो रहा था। जांच में पैर को रक्त पहुंचाने वाली धमनियों में रुकावट पाई गई, जिससे पैर को गंभीर खतरा था। डॉक्टरों ने तत्काल फीमोरल-टिबियल आर्टरी बाईपास सर्जरी की, जिससे पैर में रक्त संचार दोबारा बहाल हुआ और अंग को बचाने में सफलता मिली।
डॉ. विनोद भान ने कहा कि तीनों मरीजों की स्थिति बेहद गंभीर थी और तत्काल सर्जिकल हस्तक्षेप की आवश्यकता थी। समय पर बीमारी की पहचान, विशेषज्ञ सर्जिकल टीम की दक्षता और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय ने मरीजों के सफल उपचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वहीं डॉ. रोमिल दत्त शर्मा ने कहा कि इन मामलों में फेफड़ों की रक्त वाहिकाओं, छाती और पैरों की रक्त वाहिकाओं से जुड़ी गंभीर आपातकालीन स्थितियां शामिल थीं। अस्पताल में विशेषज्ञ सर्जरी, क्रिटिकल केयर और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध होने से ऐसे जटिल मामलों का समय पर उपचार संभव हो पाता है।
अस्पताल के फैसेलिटी डायरेक्टर डॉ. यशपाल शर्मा ने कहा कि ये सफल उपचार अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का प्रमाण हैं। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के निरंतर सहयोग से अस्पताल में व्यापक हृदय एवं आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को और मजबूत किया जा रहा है ताकि जम्मू-कश्मीर के मरीजों को उन्नत उपचार अपने क्षेत्र के नजदीक और उचित खर्च पर उपलब्ध कराया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।