जेएंडके यूटी एथलेटिक प्रतियोगिता में नम्रता, कुसुम, प्रवीण ने स्वर्ण पदक जीते
प्रतियोगिता के मुकाबले चीफ कोच निर्मल सिंह तरसेम बसोत्रा भूषण सिंह और गुरचरण सिंह की देखरेख में हो रहे हैं।
जम्मू, जागरण संवाददाता। नम्रता कटोच, कुसुम चिब और प्रवीण अख्तर ने 18वीं जेएंडके यूटी एथलेटिक प्रतियोगिता के पहले दिन लड़कियों के वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक जीते। जम्मू-कश्मीर एथलेटिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता के मुकाबले जम्मू यूनिवर्सिटी में खेले जा रहे हैं। इसका उद्घाटन एसएसपी संदीप मेहता ने यूनिवर्सिटी के खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग के निदेशक डॉ. दाउद इकबाल की उपस्थिति में किया। प्रतियोगिता केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के विभिन्न जिलों से 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन लड़कियों के लांग जम्प में नम्रता कटोच ने स्वर्ण, ऋचा मांडला ने रजत और शिवानी शर्मा ने कांस्य पदक जीता।
100 मीटर दौड़ में कुसुम चिब 12.96 सेकेंड के साथ पहले स्थान पर रही। निशा शर्मा को 13:53 सेकेंड के साथ दूसरे और रिगजिन सोमा को 17.40 सेकेंड के साथ तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
अंडर 14 आयुवर्ग के लांग जम्प में प्रवीण अख्तर स्वर्ण, जानवी शर्मा रजत और जेतून कांस्य पदक जीतने में सफल रही।लड़कों की 10,000 मीटर में मंगत सिंह ने 35.33 मिनट के साथ पहला, हंसराज ने 36.18 मिनट के साथ दूसरा और जगदीश सिंह ने 36.41 मिनट के साथ तीसरा स्थान पाया।
लड़कों के अंडर 20 आयुवर्ग की 5000 मीटर दौड़ में प्रकुल, मुनीश और वसीम अहमद ने क्रमश: स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीते। लड़कों के अंडर 20 आयुवर्ग के लांग जम्प में ऋतिक सिंह ने स्वर्ण, आर्य महाजन ने रजत और अभिजीत ने कांस्य पदक हासिल किया।
पुरुषाें के लांग जम्प में जुबेर अहमद पहले, अमित सिंह दूसरे और जय कुमार तीसरे स्थान पर रहे। लड़कों के अंडर 14 आयु वर्ग के लांग जम्प में मिंटू खजूरिया ने स्वर्ण पदक, तनवीर सिंह ने रजत पदक और सुनील रय ने कांस्य पदक हासिल किया। अंडर 16 आयु वर्ग के लांग जम्प में अखिल सिंह ने पहला, कार्तिक शर्मा ने दूसरा और सुलक्ष्य सिंह ने तीसरा स्थान हासिल पाया।
इस अवसर पर एसोसिएश्न के अध्यक्ष सुनील महाजन, शरत चंद्र सिंह, विकास गुप्ता, विनोद भाटिया सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद थे। प्रतियोगिता के मुकाबले चीफ कोच निर्मल सिंह, तरसेम बसोत्रा, भूषण सिंह और गुरचरण सिंह की देखरेख में हो रहे हैं।