विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू: शादी से लौट रहे थे पति-पत्नी, अनियंत्रित होकर खाई में गिरी स्कूटी; सुबह मिले दोनों के शव

Published: Tue, 24 Nov 2026 06:55 PM (IST)

नगरोटा में शादी समारोह से लौट रहे एक दंपती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। उनकी स्कूटी बन-नगरोटा पुराने मार्ग पर खाई में गिर गई, जिससे दोनों की जान चली गई। 

उधमपुर में शादी से लौट रहे दंपती की सड़क हादसे में मौत। (फोटो- जागरण)

उधमपुर में शादी से लौट रहे दंपती की सड़क हादसे में मौत। (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. शादी से लौटते समय दंपती की सड़क हादसे में मौत।

  2. बन-नगरोटा मार्ग पर स्कूटी खाई में गिरने से हादसा।

  3. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, शोक की लहर।

जागरण संवाददाता, जम्मू। शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे नगरोटा के एक दंपती की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार सुबह दोनों के शव बन से नगरोटा जाने वाले पुराने मार्ग पर समाधि मोड़ के पास मिले। उनकी स्कूटी भी सड़क से नीचे खाई में गिरी हुई थी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद नगरोटा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

मृतकों की पहचान बशीर अहमद और उनकी पत्नी जरीना बीबी निवासी कमिनी, नगरोटा के रूप में हुई है। दोनों स्कूटी नंबर जेके02डीएस-9250 पर सवार थे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दंपती सोमवार शाम उधमपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह के बाद दोनों स्कूटी पर सवार होकर अपने घर नगरोटा लौट रहे थे।

रातभर रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर तलाशते रहे परिजन

परिवार के सदस्यों के अनुसार, शाम करीब छह बजे उन्होंने टोल प्लाजा पार किया था। वहां वे सीसीटीवी कैदे में कैद हुए थे। इसके बाद दोनों घर नहीं पहुंचे और न ही उनसे कोई संपर्क हो पाया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों को चिंता होने लगी।

इसके बाद बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। रातभर रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर दोनों को खोजा गया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।

समाधि मोड़ के पास स्कूटी के साथ मिले पति-पत्नी के शव

मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे विश्वसनीय सूत्र से पुलिस को सूचना मिली कि बन-नगरोटा पुराने मार्ग पर समाधि मोड़ के पास एक स्कूटी के साथ दो लोगों के शव पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही नगरोटा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दोनों की पहचान बशीर अहमद और उनकी पत्नी जरीना बीबी के रूप में हुई।

अनियंत्रित होकर गिरी स्कूटी

प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि स्कूटी अनियंत्रित होकरनीचे गिर गई, जिससे दोनों की जान चली गई। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। एक साथ पति-पत्नी की मौत से कमिनी और नगरोटा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

एसडीपीओ नगरोटा साहिल महाजन ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्राथमिक जांच में मामला सड़क हादसे का प्रतीत हो रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।