विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न मंजिल की चिंता-ना थकान की परवाह... 8 साल से साइकिल पर देश को जोड़ रहे नागराज गौड़ा, अब जम्मू पहुंच दिया ये संदेश

Published: Fri, 06 Nov 2026 07:00 AM (IST)

कर्नाटक निवासी नागराज गौड़ा 2018 से साइकिल पर भारत भ्रमण कर रहे हैं, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और सनातन ...और पढ़ें

नागराज गौड़ा आठ साल कर रहे साइकिल यात्रा। (फाइल फोटो)

नागराज गौड़ा आठ साल कर रहे साइकिल यात्रा। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. नागराज गौड़ा 2018 से साइकिल पर देश भ्रमण कर रहे हैं।

  2. राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और सनातन धर्म का संदेश फैला रहे हैं।

  3. 22 राज्यों का दौरा कर आरएसपुरा पहुंचे, यात्रा जारी रहेगी।

जागरण संवाददाता, आरएसपुरा। कोई आठ साल से साइकिल के पैडल मारकर देश की सड़कों को नाप रहा है, तो उसके पीछे सिर्फ मंजिल तक पहुंचने की चाह नहीं, बल्कि देश को एकता के सूत्र में पिरोने का जुनून भी है। कर्नाटक निवासी नागराज गौड़ा इसी जुनून के साथ वर्ष 2018 से साइकिल पर भारत भ्रमण कर रहे हैं। अब तक 22 राज्यों की यात्रा पूरी कर चुके नागराज गौड़ा गुरुवार को आरएसपुरा पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उनकी यह यात्रा आपसी भाईचारे, राष्ट्रीय एकता और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार का संदेश लेकर आगे बढ़ रही है।

नागराज गौड़ा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2018 में इस उद्देश्य के साथ अपनी साइकिल यात्रा शुरू की थी कि देश के अलग-अलग राज्यों में जाकर लोगों को आपसी प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश दे सकें।

आठ वर्षों के दौरान उन्होंने 22 राज्यों का भ्रमण किया है। इस लंबे सफर में उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों में लोगों का भरपूर प्यार और सहयोग मिला है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान मिले लोगों के स्नेह ने उनके हौसले को और मजबूत किया है।

माता वैष्णो देवी के दर्शन के बाद जम्मू पहुंचे

उन्होंने बताया कि माता वैष्णो देवी के दर्शन करने के बाद वह जम्मू पहुंचे और वहां से आरएसपुरा आए हैं। अंतरराष्ट्रीय भारत-पाक सीमा के निकट स्थित आरएसपुरा में पहुंचकर उन्होंने देशवासियों के साथ-साथ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।

उनका कहा कि देश के भीतर सभी धर्मों और समुदायों के लोगों के बीच भाईचारा कायम रहना चाहिए और सीमा पर भी शांति बनी रहनी चाहिए, ताकि दोनों देशों के लोग आपसी तनाव से दूर शांतिपूर्ण जीवन जी सकें।

देश के कई बड़े नेताओं से मिल चुके हैं नागराज

उन्होंने बताया कि आरएसपुरा प्रवास के दौरान उन्होंने गीता भवन में स्वामी प्रकाशानंद जी महाराज से भी मुलाकात की। स्वामी जी ने उनके इस प्रयास की सराहना की। नागराज गौड़ा ने बताया कि अपनी यात्रा के दौरान वह दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सांसद मनोज तिवारी तथा कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह सहित कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों से भी मुलाकात कर चुके हैं।

नागराज गौड़ा ने कहा कि उनकी यात्रा का उद्देश्य देश के हर राज्य तक पहुंचकर लोगों से जुड़ना और आपसी भाईचारे, राष्ट्रीय एकता तथा शांति का संदेश फैलाना है। उन्होंने संकल्प जताया कि जब तक देश के सभी राज्यों का साइकिल से भ्रमण पूरा नहीं कर लेते, तब तक उनकी यह यात्रा जारी रहेगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।