विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वंदे मातरम् विवाद खत्म करें, भाईचारा बनाए रखें'; मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने की अपील

Published: Sat, 28 Nov 2026 11:37 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के मुफ्ती आजम मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने वंदे मातरम् विवाद समाप्त करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की है।

वंदे मातरम पर विवाद छोड़ें, भाईचारा बनाए रखें: मुफ्ती नासिर उल इस्लाम। फाइल फोटो

वंदे मातरम पर विवाद छोड़ें, भाईचारा बनाए रखें: मुफ्ती नासिर उल इस्लाम। फाइल फोटो

HighLights

  1. वंदे मातरम् विवाद समाप्त कर भाईचारा बनाए रखने की अपील

  2. धर्म और संविधान एक-दूसरे के विरोधी नहीं, सम्मान जरूरी

  3. आपसी विश्वास और सद्भाव के लिए सम्मान आधार है

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में वंदे मातरम् के गायन को लेकर उठे विवाद के बीच जम्मू-कश्मीर के मुफ्ती आजम मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए लोगों से विवाद को समाप्त करने और आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह पहले भी अपना पक्ष स्पष्ट कर चुके हैं और अब इस पर अनावश्यक बयानबाजी तथा विवाद को आगे बढ़ाने का कोई औचित्य नहीं है।

मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने कहा कि संविधान के दायरे में वंदे मातरम् का सम्मान किया जाना आवश्यक है। समाज के सभी वर्गों को एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए आपसी विश्वास और सद्भाव बनाए रखना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि किसी को भी दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने का कोई औचित्य नहीं है। बेहतर होगा कि इस विवाद को यहीं समाप्त कर दिया जाए।

उन्होंने धर्म और संविधान के संबंध में अपनी बात रखते हुए कहा कि दोनों एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं, बल्कि एक-दूसरे के सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं। धर्म और संविधान के बीच टकराव की स्थिति पैदा नहीं होनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संविधान का सम्मान करे और समाज में धार्मिक सौहार्द बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाए।

उन्होंने कहा कि इस विषय को संवैधानिक दृष्टिकोण से भी समझना जरूरी है। कुछ विषय धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होते हैं, जबकि कुछ का महत्व संवैधानिक दृष्टिकोण से होता है। ऐसे में हर विषय, हर आस्था और संविधान के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखना आवश्यक है।

मुफ्ती नासिर उल इस्लाम ने कहा कि आपसी सम्मान ही वह आधार है, जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न वर्ग एक-दूसरे के करीब आ सकते हैं और एक-दूसरे की भावनाओं को बेहतर ढंग से समझ सकते हैं। इससे आपसी विश्वास मजबूत होता है और समाज में सद्भाव कायम रखने में मदद मिलती है।

उन्होंने अपनी अपील में इस बात पर जोर दिया कि वंदे मातरम् को लेकर पैदा हुए विवाद को अब समाप्त किया जाना चाहिए। समाज में वैमनस्य और टकराव की स्थिति पैदा करने के बजाय भाईचारे, आपसी समझ और संवैधानिक मूल्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उनका कहना था कि एक-दूसरे का सम्मान करने की भावना ही शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण समाज की मजबूत बुनियाद है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।