विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'₹12,300 नाकाफी...', मेडिकल इंटर्न्स के समर्थन में मीरवाइज, जम्मू-कश्मीर सरकार से जल्द फैसला लेने की अपील

Published: Sat, 05 Sep 2026 02:12 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य मंत्री और इंटर्न के बीच बातचीत विफल रही। इंटर्न ने लिखित आदेश जारी होने तक हड़ताल जारी रखने का फैसला किया है। इसी बीच मीरवाइज़-ए-कश्मीर डॉ. मौलवी मोहम्मद उमर फारूक ने सरकार से अपील की है। 

मीरवाइज़ ने कहा- लंबे काम के मुकाबले ₹12,300 स्टाइपेंड कम।

मीरवाइज़ ने कहा- लंबे काम के मुकाबले ₹12,300 स्टाइपेंड कम।

HighLights

  1. स्वास्थ्य मंत्री और इंटर्न के बीच बातचीत विफल।

  2. इंटर्न ने एक महीने की मोहलत ठुकराई।

  3. लिखित आदेश तक हड़ताल जारी रखने का फैसला।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में MBBS और BDS इंटर्न का मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन अभी भी जारी है। स्टाइपेंड बढ़ोतरी की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर आंदोलनरत इंटर्न्स और स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू के बीच शुक्रवार को हुई बातचीत का कोई भी परिणाम नहीं निकला। इसी बीच मीरवाइज़-ए-कश्मीर डॉ. मौलवी मोहम्मद उमर फारूक ने सरकार से अपील की है कि वह इंटर्न की लंबे समय से लंबित मांग पर प्राथमिकता के आधार पर ध्यान दे और उनकी समस्या का समाधान करे।

मीरवाइज़ ने इंटरनेट मीडिया 'X' पर एक पोस्ट में कहा, 'पूरे जम्मू-कश्मीर में MBBS और BDS इंटर्न द्वारा उठाई गई चिंताओं पर गंभीरता से और तुरंत विचार किया जाना चाहिए। ₹12,300 का स्टाइपेंड उन युवा डॉक्टरों के लिए स्पष्ट रूप से अपर्याप्त है जो लंबे समय तक काम करते हैं और जिन पर महत्वपूर्ण क्लिनिकल जिम्मेदारियां होती हैं।

सरकार द्वारा गठित एक समिति पहले ही स्टाइपेंड बढ़ाने की सिफारिश कर चुकी है, ऐसे में इसमें हो रही लंबी देरी को उचित नहीं ठहराया जा सकता। प्रशासन को इंटर्न के साथ बातचीत करनी चाहिए, उनकी जायज मांग को निष्पक्ष और शीघ्रता से पूरा करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मरीजों की देखभाल में कोई बाधा न आए।'

मीरवाइज़ ने कहा कि सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्थानों में कठिन जिम्मेदारियां निभाने वाले युवा चिकित्सा पेशेवर अपनी सेवाओं के लिए उचित सम्मान और पर्याप्त पारिश्रमिक पाने के हकदार हैं।

 

स्वास्थ्य मंत्री और इंटर्न्स के बीच बातचीत विफल

इससे पहले शुक्रवार को श्रीनगर में इंटर्न्स के एक प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य मंत्री सकीना इट्टू और मुख्यमंत्री के सलाहकार से मुलाकात कर अपनी मांगों और डाक्टरों को पेश आ रही समस्याओं से अवगत कराया।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने इंटर्न्स से स्टाइपेंड के मुद्दे के समाधान के लिए सरकार को एक महीने का समय देने का आग्रह किया। हालांकि हड़ताली इंटर्न्स ने इस समय-सीमा को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और स्पष्ट किया कि उनकी हड़ताल जारी रहेगी।

सरकारी आदेश जारी होने के बाद हड़ताल वापस लेंगे

प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद डॉ. मोहम्मद मोमिन खान ने कहा कि इंटर्न्स डाक्टर पहले ही काफी समय से इंतजार कर रहे हैं और अब उन्हें सिर्फ आश्वासन नहीं, बल्कि सरकार की ओर से स्पष्ट और ठोस प्रतिबद्धता चाहिए।

उन्होंने कहा कि इंटर्न्स डाक्टर पहले ही लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। हमें एक और आश्वासन के बजाय सरकार की ओर से स्पष्ट और ठोस प्रतिबद्धता चाहिए। अगर इस मामले का समाधान किया जा सकता है, तो इंटर्न्स डाक्टरों को एक और महीने का इंतजार क्यों करना चाहिए? हमें यह स्पष्ट होना चाहिए कि वास्तव में इसमें कितना समय लगेगा।

इंटर्न्स ने कहा कि वे स्टाइपेंड बढ़ोतरी की पुष्टि करने वाला लिखित सरकारी आदेश जारी होने के बाद ही हड़ताल वापस लेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।