सैन्य कर्मी पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप
जम्मू कानाचक्क के पुरखू इलाके की एक नाबालिग लड़की ने सैन्य कर्मी पर उससे दुष्कर्म करने क
जम्मू : कानाचक्क के पुरखू इलाके की एक नाबालिग लड़की ने सैन्य कर्मी पर उससे दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। नाबालिग की शिकायत पर कानाचक्क पुलिस ने आरोपित सैन्य कर्मी पर दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। एसएचओ कानाचक्क रवि परिहार ने बताया कि आरोपित सैन्य कर्मी को हिरासत में लेने के लिए पुलिस उसके अधिकारियों को पत्र लिखेगी। नाबालिग की पुलिस ने मेडिकल जांच करवा ली है। आरोपित सैन्यकर्मी सूरज कुमार, अखनूर का निवासी बताया गया है।
शुक्रवार को दोपहर में 17 वर्षीय नाबालिग ने अपने परिजनों के साथ कानाचक्क पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई। उसने पुलिस को बताया कि बुधवार को उसके परिजन किसी काम के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। इस दौरान उनकी पहचान का युवक सूरज कुमार निवासी अखनूर जो सेना में तैनात है उनके घर में घुस गया। घर में नाबालिग को अकेली पाकर आरोपित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने पीड़िता को धमकाया कि यदि उसने दुष्कर्म की बात किसी को बताई तो वह उसे जान से मार देगा। पहले लोकलाज के चलते नाबालिग ने घटना के बारे में किसी को नहीं बताया, लेकिन शुक्रवार को वह थाने में पहुंची और आरोपित के विरुद्ध मामला दर्ज करवा दिया।