Move to Jagran APP

Jammu Kashmir : कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा, प्रशासन की चेतावनी

पहाड़ों पर बर्फबारी से श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर यातायात पर खासा कोई प्रभाव नहीं पड़ा लेकिन बीच-बीच में भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही कुछ देर के लिए प्रभावित रही। भारी बर्फबारी से श्रीनगर-लेह व मुगल रोड पर यातायात बंद कर दिया है।

By rahul sharmaEdited By: Rahul SharmaPublished: Fri, 21 Oct 2022 07:28 AM (IST)Updated: Fri, 21 Oct 2022 07:28 AM (IST)
Jammu Kashmir : कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में हिमस्खलन का खतरा, प्रशासन की चेतावनी
महीने के अंत तक मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं आएगा।

श्रीनगर, जेएनएन : जम्मू कश्मीर में दीवाली से पहले ही सर्दी ने दस्तक दे दी है। प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानों में वर्षा से ठिठुरन बढ़ गई है। पर्यटन स्थल गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग सहित कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई है। जम्मू संभाग के पहाड़ी क्षेत्रों में भी बर्फबारी व मैदानों में वर्षा और ओले भी बरसे। श्रीनगर-लेह हाईवे व पुंछ से कश्मीर को जोड़ने वाले मुगल रोड को बर्फबारी के चलते बंद कर दिया है।

loksabha election banner

पहाड़ों पर हुई ताजा बर्फबारी से उच्च पर्वतीय इलाकों में हिमस्खलन का खतरा पैदा हो गया है। प्रशासन ने उच्च पर्वतीय इलाकों के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने तथा भूस्खलन व हिमस्खलन के लिहाज से संवेदनशील इलाकों की तरफ रुख न करने की सलाह दी है। पर्यटकों को भी उक्त संवेदनशील इलाकों का रुख न करने को कहा है।

महीने के अंत तक मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं : जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर वर्षा से कई जगहों पर भूस्खलन होने से बीच-बीच में यातायात दिनभर प्रभावित होता रहा। माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन तक रुक-रुक कर वर्षा होती रही। हेलीकाप्टर सेवा भी स्थगित रही। राजौरी व पुंछ जिलों के अलावा किश्तवाड़ में भी बर्फबारी से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। मौसम विभाग के उपनिदेशक डा. मुख्तार अहमद ने कहा कि मौसम में सुधार आना शुरू हो जाएगा। फिर महीने के अंत तक मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं आएगा।

बर्फबारी के बाद कश्मीर में ठंड बढ़ी : कश्मीर के ऊपरी इलकों में बर्फबारी व निचले इलाकों में वर्षा ने तापमान में गिरावट लाकर समूची वादी को ठंड की चपेट में लाया है। गुलमर्ग में तापमान जमाव बिंदु नीचे पहुंच गया है। बाकी क्षेत्रों में भी तापमान में भारी गिरावट से ठंड ने लोगों को गर्म कपड़े और गर्मी पहुंचाने वाले उपकरणों का सहारा लेने पर मजबूर कर दिया। उच्च पर्वतीय इलाकों में इससे पूर्व भी दो बार बर्फबारी हो चुकी है। हुई थी। तड़के दिनभर गुलमर्ग व सोनमर्ग समेत वादी के उच्च पर्वतीय इलाकों में रुक रुक कर जारी रहा।

पहाड़ो पर बर्फबारी-निचले इलाकों में हुई बारिश : गुलमर्ग में 7 इंच, सोनमर्ग में 9 इंच बर्फ की चादर बिछी। श्रीनगर के जबरन पहाड़ियों पर मौसम की पहली बर्फबारी हुई। अनंतनाग के सिंथन टाप में नौ डेढ़ फीट, शोपियां में आठ इंच बर्फ के अलावा कुपवाड़ा जिले के साधना टाप पर डेढ़ फीट, गुरेज में एक फीट, राजदान टाप पर भी एक फीट बर्फ जमा हुई। श्रीनगर समेत निचले इलाकों में तड़के शुरू हुई वर्षा दिनभर रुक-रुक कर जारी रहने से सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 7.5 व न्यूनतम 6.4 डिग्री और जम्मू में अधिकतम तापमान 22.5 और न्यूनतम 18.7 डिग्री रिकार्ड किया है।

बिजली गिरने से हुआ जानमाल का नुकसान : जम्मू संभाग भी बर्फबारी और वर्षा से शीत लहर की चपेट में आ गया है। जम्मू में दिन भर रुक-रुक वर्षा होती रही। बुधवार रात से राजौरी व पुंछ दोनों जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में वर्षा होती रही। थन्ना मंडी के पहाड़ों पर बड़ी बहक ढोक में सुबह बिजली गिरने से मुहम्मद जुनेद की 50 बकरियां व चार घोड़े मर गए, जबकि जुनेद भी झुलस गया। किश्तवाड़ में दिनभर वर्षा व पहाड़ों पर बर्फबारी होती रही।

पाडर के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है : वाडवन, मारवा में डेढ़ फुट से ज्यादा बर्फ गिरी। पाडर के पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। किश्तवाड़-अनंतनाग मार्ग तीसरे दिन बंद रहा। अब बर्फ साफ होने के बाद इस सड़क के खुलने की संभावना है। और भी कई सड़कें बंद हो गई हैं। कठुआ के बनी के सरथल,छत्रगला, मंदीतार और वासुकी तार में छह इंच से एक फीट तक बर्फ गिरी। बिलावर के मल्हार सहित अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई।

कई मार्ग बर्फबारी के बाद बंद : पहाड़ों पर बर्फबारी से श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर यातायात पर खासा कोई प्रभाव नहीं पड़ा, लेकिन बीच-बीच में भूस्खलन के कारण वाहनों की आवाजाही कुछ देर के लिए प्रभावित रही। भारी बर्फबारी से श्रीनगर-लेह व मुगल रोड पर यातायात बंद कर दिया है। जोजिला दर्रे व पीर की गली के निकट दो फीट बर्फ जमा हो गई है। दोनों मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बंद की गई। संबंधित अधिकारियों के अनुसार मौमस में सुधार आने के साथ ही बर्फ हटाने का काम शुरू किया जाएगा। बांडीपोरा-गुरेज व कुपवाड़ा-करनाह रोड़ भी यातायात के लिए बंद किए गए हैं।

पर्यटकों में उत्साह : विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल गुलमर्ग व सोनमर्ग में हुई मौसम की पहली बर्फबारी से पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बर्फ से ढकी उन वादियों में पर्यटकों ने मस्ती की। हरियाणा से अपने दोस्तों के साथ गुलमर्ग घूमने आए सिद्धार्थ नामक पर्यटक ने कहा,हमें नही मालूम था कि यहां इतनी जल्दी बर्फबारी होगी। हम बीते ती दिनों से यहां थे। बर्फ देखने के लिए हमें कोंगडूरी जाना पड़ा। सुबह जब हम नींद से जागे और अपने होटल से बाहर देखा तो पूरी वादी बर्फ से ढक चुकी थी। बहुत सुंदर दृश्य था। हम दोस्तों ने बर्फ में काफी मौज मस्ती की। मजा आ गया। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.