Jammu Kashmir Weather : जम्मू-कश्मीर में आसमान में बादल छाए रहेंगे, बारिश के साथ हिमपात की संभावना
वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद सर्दी बढ़ेगी। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा पूरी संभावना है कि मौसम में यह बदलाव आज रात से देखा जा सकता है।
जम्मू, जेएनएन : जम्मू व कश्मीर में मौसम एक बार फिर करवट बदलेगा। मौसम विभाग के अनुसार 5 से 8 नवंबर तक मध्यम और ऊंचाई वाले इलाकों में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 5 नवंबर से पहले भारी बर्फबारी का कोई पूर्वानुमान नहीं है।
अगले एक दो दिनों में ठंडक और बढ़ेगी। फिलहाल सुबह व शाम को ही ठंड का एहसास हो रहा है। मौसम में आया यह बदलाव राहत भरा है। हालांकि दोपहर को खिली धूप भी लोगों को परेशान नहीं कर रही है। वहीं मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश में कई स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद सर्दी बढ़ेगी। मौसम विभाग के निदेशक सोनम लोटस ने कहा पूरी संभावना है कि मौसम में यह बदलाव आज रात से देखा जा सकता है। जम्मू-कश्मीर के मध्य और ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी की संभावना है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जम्मू के मैदानी इलाकों में बारिश की संभावना कम है।
उन्होंने बताया कि 2 से 4 नवंबर तक जम्मू व कश्मीर के कई इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इस बीच अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश/बर्फबारी की संभावना भी बन रही है। परंतु 5 से 8 नवंबर तक मध्यम और ऊंचाई वाले इलाकों में व्यापक रूप से हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में गिरावट आएगी।
मौसम विभाग के निदेशक ने कहा कि बारिश व बर्फबारी की वजह से पहाड़ी इलाकों में परेशानियां आ सकती हैं। परिवहन में दिक्कतें आ सकती है। जोजिला, मुगल रोड आदि में बारिश व बर्फबारी के कारण ये मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद किए जा सकते हैं। किसानों को भी यह सलाह दी गई है कि वे पेड़ों की आवश्यक छंटाई करें और बारिश के दौरान बागों से अतिरिक्त पानी निकाल दें।
इस बीच श्रीनगर में आज सुबह न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में 1.1 डिग्री और गुलमर्ग में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी तरह लद्दाख क्षेत्र के द्रास में शून्य से 1.9 डिग्री नीचे, कारगिल में 3 और लेह में शून्य से 2.6 डिग्री नीचे तापमान दर्ज किया गया। वहीं जम्मू में 16.8 डिग्री, कटरा में 14.2, बटोत में 8.1, बनिहाल में 4 और भद्रवाह में 5.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।