'बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार', परीक्षा में कथित अनियमितताओं को महबूबा मुफ्ती ने उमर सरकार को घेरा
महबूबा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर में परीक्षा अनियमितताओं को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार की आलोचना की, कहा कि घोटालों से छात्रों का भविष्य खतरे में है।

महबूबा मुफ्ती का सरकार पर तीखा हमला, बोलीं— बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करे सरकार। फाइल फोटो
HighLights
महबूबा मुफ्ती ने परीक्षा अनियमितताओं पर सरकार की आलोचना की
कहा, घोटालों से छात्रों का भविष्य और सपने बर्बाद हो रहे हैं
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी की अध्यक्ष और जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में परीक्षा घोटालों का सिलसिला थम नहीं रहा और इसका सबसे बड़ा खामियाजा मेहनती छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। उनके अनुसार, सरकार की लापरवाही और परीक्षा प्रणाली की कथित गड़बड़ियां हजारों युवाओं के सपनों को नुकसान पहुंचा रही हैं।
श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत में महबूबा ने कहा कि एक साल में छात्रों से करीब 30 करोड़ रुपये वसूले जाते हैं, लेकिन इतनी रकम लेने के बावजूद सरकार निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था देने में नाकाम है। उन्होंने सवाल किया कि यदि बच्चों को मेहनत और योग्यता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर नहीं मिलेगा, तो उनके भविष्य की जिम्मेदारी कौन उठाएगा?
महबूबा ने कहा कि बच्चे पूरी जिंदगी मेहनत करते हैं। यदि उन्हें ऐसी निष्पक्ष परीक्षा भी नहीं दी जा सकती, जिसमें वे अपनी योग्यता के दम पर आगे बढ़ सकें, तो उन्हें क्या मिलेगा? उन्होंने आगाह किया कि ऐसी परिस्थितियों में बच्चे अवसाद का शिकार हो सकते हैं।
परीक्षा विवादों को लेकर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि हालात में सुधार नहीं हुआ है। महबूबा ने कहा, “घोटाले पर घोटाला हो रहा है। पहले उपराज्यपाल शासन के दौरान ऐसा होता था और अब नेशनल कॉन्फ्रेंस की सरकार में भी वही जारी है। आखिर बदलाव कहां हुआ? यह छात्रों के साथ बड़ा अन्याय है।”
दिल्ली में परीक्षा विवाद के बाद हुई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां जनता के जोरदार विरोध के बाद एक मंत्री को पद से हटाया गया, जबकि जम्मू-कश्मीर में गंभीर स्थिति के बावजूद सरकार की ओर से वैसी जवाबदेही नहीं दिख रही। उनके मुताबिक, यहां ऐसा माहौल है मानो कुछ हुआ ही न हो।
महबूबा ने कहा कि उनके मुद्दा उठाने के बाद राष्ट्रीय समाचार चैनलों ने भी इसे प्रमुखता से दिखाया। उन्होंने सरकार से जिम्मेदारी निभाने और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ न करने को कहा।
पीडीपी अध्यक्ष ने परीक्षा प्रक्रिया की कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि औपचारिक कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी। मामले के पीछे सक्रिय कथित बड़े सिंडिकेट और माफिया की पहचान कर जवाबदेही तय की जानी चाहिए। सच्चाई सामने आने और दोषियों की पहचान होने तक संबंधित भर्ती प्रक्रिया आगे नहीं बढ़नी चाहिए। छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के सवाल पर महबूबा ने कहा, 'हम देखेंगे।'
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।