जम्मू-कश्मीर के मेडिकल कालेजों में दोहरी हड़ताल, डॉक्टर के बाद छात्रों ने भी खोला मोर्चा; मरीजों की बढ़ रही परेशानी
जम्मू के मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टर और पैरामेडिकल छात्र हड़ताल पर हैं। रेजिडेंट डॉक्टर स्टाइपेंड बढ़ाने और पैरामेडिकल छात्र स्टाइपेंड शुरू करने की मांग कर रहे हैं, जिससे मरीजों की परेशानी बढ़ रही है।

जम्मू के मेडिकल कॉलेजों में रेजिडेंट डॉक्टर और पैरामेडिकल छात्र हड़ताल पर। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
रेजिडेंट डॉक्टर और पैरामेडिकल छात्र हड़ताल पर
स्टाइपेंड बढ़ाने और शुरू करने की मुख्य मांग
मरीजों को हो रही परेशानी, सेवाएं प्रभावित
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के मेडिकल कालेजों में मरीजों की परेशनियां बढ़ रही हैं। रेजिडेंट डाक्टरों के साथ अब बीएससी एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के छात्र भी हड़ताल पर बैठ गए हैं। रेजिडेंट डाक्टर जहां स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग कर रहे हैं तो बीएससी एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के छात्र स्टाइपेंड शुरू करने की मांग कर रहे हैं। इन हड़तालों से अब जीएमसी प्रशासन की चुनाैतियां बढ़ गई हैं और मरीजों को भी परेशान होना पड़ सकता है।
रेजिडेंट डाक्टर पिछले नौ दिनों से हड़ताल पर हैं। आज शुक्रवार से उन्होंने वाडों में भी काम करना बंद कर दिया है। सिर्फ इमरजेंसी में ही वे काम कर रहे हैं। अब काम का पूरा बोझ वरिष्ठ डाक्टरों पर आ गया है।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने का एलान
रेजिडेंट डाक्टरों का कहना है कि वे सरकार से सिर्फ एक प्रदेश में एक जैसे स्टाइपेंड की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें लिखित में कोई आश्वासन नहीं दिया गया है। जब तक उनकी मांग को पूरा करने के लिए उचित कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आने वाले दिनों में इमरजेंसी सेवाएं भी प्रभ्ज्ञावित हो सकती हैं। वहीं वाडों में मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है।
ओपीडी के बाहर जुटे छात्र
रेजिडेंट डाक्टरों के साथ ही ओपीडी के बाहर बीएससी एलाइड एंड हेल्थकेयर साइंसेज के छात्र भी लंबित स्टाइपेंड के मुद्दे के समाधान की मांग को लेकर लगातार दूसरे दिन हड़ताल पर बैठे। उन्होंने भी जम्मू-कश्मीर के सभी सरकारी मेडिकल कालेजों में विरोध प्रदर्शन जारी रखा।
इस दौरान जीएमसी जम्मू में भी छात्रों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
बार-बार मांग उठाई, फिर भी नहीं मिला स्टाइपेंड पर फैसला
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि स्टाइपेंड को मंजूरी देने से संबंधित फाइल लंबे समय से वित्त विभाग के पास लंबित है। छात्रों द्वारा कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी मांगें रखी गईं और लगातार प्रयास किए गए, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
लंबे समय से अपने जायज स्टाइपेंड का इंतजार कर रहे विद्यार्थियों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि बार-बार मांग उठाने के बावजूद समस्या का समाधान न होना चिंता का विषय है।
छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक संबंधित अधिकारियों की ओर से कोई ठोस और संतोषजनक आश्वासन नहीं मिलता तथा स्टाइपेंड से जुड़ा लंबित मामला हल नहीं किया जाता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।