विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 20, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Mata Vaishno Devi Yatra फिर बहाल, भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ के कारण रोकी गई थी यात्रा

By Rahul SharmaEdited By:
Published: Sat, 20 Aug 2022 07:43 AM (IST)Updated: Sat, 20 Aug 2022 08:05 AM (IST)

Mata Vaishno Devi Yatra श्रद्धालुओं ने बताया कि शुक्रवार शाम को बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। श्रद्धालु बारिश के बीच ...और पढ़ें

सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। किसी इमारत को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। किसी इमारत को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

कटड़ा, जेएनएन : भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ के बाद गत शुक्रवार रात को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर अस्थायी रूप से रोकी गई श्री माता वैष्णो देवी यात्रा फिर से बहाल कर दी गई है। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अधिकारियों ने बताया कि बाढ़ के कारण किसी भी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। यात्रा रोक दिए जाने के बाद श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया था। मौसम व रास्ता साफ होते ही आज तड़के यात्रा को फिर से बहाल कर दिया गया।

श्रद्धालुओं ने बताया कि शुक्रवार शाम को बारिश का सिलसिला शुरू हुआ। श्रद्धालु बारिश के बीच भी यात्रा मार्ग पर आ जा रहे थे। शुक्रवार देर रात को अचानक से यात्रा मार्ग पर पानी का स्तर बढ़ने लगा।श्रद्धालुओं को कटड़ा से ऊपर जाने से रोक दिया गया है। हिमकोटी मार्ग पूरी तरह बंद कर दिया गया जबकिर परंपरागत मार्ग से श्रद्धालुओं को नीचे की तरफ लाया जा रहा था। भवन के पास जलभराव और पत्थर गिरने के कारण कुछ घंटे के लिए दर्शनों को बंद कर दिया गया था।

लगातार बारिश के कारण कई स्थानों पर जलधारा बह निकली और लोगों को पैदल आने-जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। श्राइन बोर्ड प्रशासन ने आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट कर दिया है। क्योंकि शुक्रवार दोपहर से ही यात्रा मार्ग और पहाड़ों पर लगातार बारिश हो रही थी। इस कारण हेलीकाप्टर और बैटरी कार सेवा बाधित थी।

देखते ही देखते बारिश के कारण अचानक बाढ़ आ गई। कुछ लोगों का कहना है कि त्रिकुट पर्वत के पास कहीं बादल फटा जिसकी वजह से पानी का स्तर व बहाव अचानक से बढ़ गया। समय रहते श्रद्धालुओं को मार्ग से हटाकर सुरक्षित जगहों पर रुकने के लिए कह दिया गया।

माता वैष्णो देवी की यात्रा सुबह तक अस्थायी तौर पर रोकी गई और शनिवार सुबह मौसम व यात्रा मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित होने के बाद 5 बजे श्रद्धालुओं को यात्रा शुरू करने की इजाजत दे दी गई। यात्रा आरंभ होते ही बाण गंगा मुख्य द्वार पर एक बार फिर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीइओ अंशुल गर्ग ने बताया कि बारिश के दौरान यात्रा मार्ग पर अचानक आई बाढ़ की वजह से किसी तरह की कोई क्षति नहीं पहुंची है। सभी श्रद्धालु सुरक्षित हैं। किसी इमारत को भी कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।

बोर्ड के कर्मचारी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यात्रा मार्ग पर तैनात हैं। भवन, सांझीछत और कटरा मार्ग पर बोर्ड कर्मचारियों, कांस्टेबल और सीआरपीएफ अधिकारी रात भर श्रद्धालुओं के राहत कार्य में जुटे रहे। बेटरी कार मार्ग को फिलहाल बंद रखा गया है।

वैष्णो देवी ट्रैक से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में कुछ लोगों की आवाज भी आ रही है, जो यह कहते साफ सुने जा सकते हैं कि आज तक यात्रा मार्ग पर इस तरह का पानी का बहाव कभी नहीं देखा गया है। बादल फटने के बाद ही बाढ़ जैसी स्थित बनी है। फिलहाल श्रद्धालुओं में भय का माहौल व्याप्त न हो इसको लेकर श्राइन बोर्ड लगातार यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को दिशा-निर्देश दे रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सुबह से आरंभ हुई यात्रा फिलहाल सुचारू रूप से जारी है। आपको बता दें कि गत शुक्रवार को कुल 27,914 श्रद्धालुओं ने यात्रा के लिए पंजीकरण करवाया था।