विवाहित के घर में जबरन घुस कर किया दुष्कर्म, आरोपित को पुलिस ने दबोचा
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। उसकी पहचान शिव लाल निवासी केरन, बनतालाब के रूप में हुई।
जम्मू, जागरण संवाददाता। जानीपुर के पलौड़ा इलाके में रहने वाले महिला के घर पर जबरन एक व्यक्ति ने घुस कर दुष्कर्म कर डाला। महिला की शिकायत पर जानीपुर पुलिस थाने में मामले को दर्ज कर लिया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित को दबोच लिया। उसकी पहचान शिव लाल निवासी केरन, बनतालाब के रूप में हुई।
थाने में दर्ज शिकायत में महिला ने पुलिस को बताया कि वारदात के समय वह अपने घर पर अकेली थी, उसका पति काम के सिलसिले में गया हुआ था। इस बात का लाभ उठा कर आरोपित उसके घर में घुस आया। महिला को अकेला पा कर आरोपित ने उससे दुष्कर्म कर डाला। महिला का पति जब घर पर लौटा तो उसने अपने पति को आपबीती सुनाई। महिला का पति उसे लेकर सीधे थाने में पहुंच गया और आरोपित के विरुद्ध दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस कर्मी महिला को लेकर अस्पताल चले गए और उसकी मेडिकल जांच कर दी। जानीपुर पुलिस के अनुसार मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपित को दबोच लिया गया। घटना स्थल से सबूतों को एकत्रित कर लिया गया है।