विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में बादल फटने से भूस्खलन, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

Published: Mon, 20 Jul 2026 05:53 PM (IST)Updated: Mon, 20 Jul 2026 06:08 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में बादल फटने से हुए भूस्खलन में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। पूरा घर मलबे के ढेर में तब्दील हो गया।

HighLights

  1. जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में हुआ भीषण भूस्खलन।

  2. हादसे में कुल सात लोगों की दुखद मौत हो गई।

  3. बारिश प्रभावित क्षेत्र में कुदरत ने बरपाया कहर।

डिजिटल डेस्क, पुंछ। जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले के लोरन इलाके में बीती रात हुई मूसलाधार बारिश ने एक बार फिर तबाही मचा दी। लगातार हो रही भारी बारिश के बीच अचानक बादल फटने से एक बड़ा भूस्खलन हुआ, जिसने एक रिहायशी मकान को अपनी चपेट में ले लिया।

बताया जा रहा है कि जब यह हादसा हुआ, उस वक्त परिवार के सभी सदस्य अपने घर के अंदर ही मौजूद थे। पहाड़ से आया मलबा और बड़े-बड़े पत्थर इतने तेज रफ्तार में आए कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते पूरा घर मलबे के ढेर में बदल गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत की पुष्टि हो रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया है।

भाजपा प्रदेश पूर्व प्रधान रविंदर रैना ने भी अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। यह खबर पूरे इलाके के लिए एक गहरा सदमा है।

राजौरी-पुंछ में मृतकों का आंकड़ा 27 पार

लोरन की यह घटना कोई अकेली घटना नहीं है। पिछले 24 घंटों में राजौरी और पुंछ जिलों में बारिश से जुड़ी घटनाओं ने भारी तबाही मचाई है। प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों के भीतर अलग-अलग हादसों में 22 लोगों की मौत हो चुकी है।

अगर कुल आंकड़े की बात करें तो इस बाढ़ और भूस्खलन के कहर में अब तक राजौरी-पुंछ क्षेत्र में मरने वालों की संख्या 27 तक पहुंच गई है। यह आंकड़ा बताता है कि स्थिति कितनी भयावह है। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है।

जम्मू-कश्मीर में शोक की लहर

लगातार हो रही इन मौतों ने पूरे जम्मू-कश्मीर में शोक की लहर दौड़ा दी है। लोरन में जिस परिवार ने अपनी जान गंवाई, उनका गम पूरे इलाके का गम बन गया है। लोगों के घर उजड़ रहे हैं, खेत बह रहे हैं, और कई परिवार बेघर हो गए हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों के किनारे और भूस्खलन संभावित इलाकों में न जाएं। मौसम विभाग ने अभी भी अगले कुछ घंटों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिससे खतरा और बढ़ गया है।