नशे में धुत युवक ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास में घुसकर मचाई हलचल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
रियासी के एक युवक ने जम्मू में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास में कथित तौर पर घुसपैठ की। उसे ...और पढ़ें

नशे में धुत युवक सीएम के आवास में घुसा (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, जम्मू। रियासी जिले के कक्रियाल इलाके के रहने वाले एक युवक द्वारा पिछले सप्ताह जम्मू के वजारत रोड स्थित जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास में कथित तौर पर घुसपैठ करने का मामला सामने आया है। मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा में तैनात तैनात विशेष सुरक्षा समूह (एसएसजी) के जवानों ने उक्त युवक को पकड़कर गुज्जर नगर पुलिस के हवाले कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक युवक की पहचान तिलक राज, निवासी कक्रियाल, जिला रियासी के रूप में हुई है। बताया गया कि उसे इससे पहले गुरुवार को गुज्जर नगर पुलिस ने नशे की हालत में पकड़ा था। हालांकि, अगले दिन जमानती अपराध के तहत उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब तिलक राज मुख्यमंत्री के आवास में घुसा, उस समय वह पुलिस हिरासत में नहीं था, बल्कि पहले ही जमानत पर बाहर आ चुका था।
अधिकारियों के अनुसार, तिलक राज के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 8/27 के तहत मामला दर्ज किया गया था। यह अपराध जमानती होने के कारण उसके पिता द्वारा जमानती बॉन्ड पेश किए जाने के बाद शुक्रवार शाम से पहले उसे रिहा कर दिया गया।
हालांकि, पुलिस पोस्ट से निकलने से पहले पोस्ट प्रभारी ने तिलक राज के पिता से एक स्थानीय व्यक्ति को जमानतदार के तौर पर लाने को कहा। यह व्यक्ति पुलिस के बुलाने पर तिलक राज की थाने/पुलिस पोस्ट में मौजूदगी सुनिश्चित करने वाला था।
जमानत के बाद दीवार फांदकर सीएम के घर घुसा
अधिकारियों के मुताबिक, जब तिलक राज के पिता स्थानीय जमानतदार को लाने के लिए गए, तभी जमानत पर रिहा हो चुका तिलक राज अचानक पुलिस पोस्ट के सामने स्थित पहाड़ी पर चढ़ गया। इसके बाद उसने पीछे की दीवार फांदकर मुख्यमंत्री के सरकारी आवास में प्रवेश किया।
मुख्यमंत्री आवास में तैनात एसएसजी के जवानों ने तुरंत पहचान लिया और उसे पकड़ लिया। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे दोबारा गुज्जर नगर पुलिस पोस्ट के हवाले कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री के आवास में कथित घुसपैठ के मामले में तिलक राज के खिलाफ अनधिकृत प्रवेश का मामला दर्ज किया गया। यह अपराध भी जमानती होने के कारण उसे बाद में जमानत पर रिहा कर दिया गया
