विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में स्थानीय आतंकियों का सफाया, अब लश्कर-जैश के 65 आतंकी रडार पर; ढेर करने के लिए बनाए 80 से अधिक नए बेस

Published: Wed, 25 Nov 2026 10:22 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में स्थानीय आतंकवादियों के सफाए के बाद सुरक्षा एजेंसियां अब पाकिस्तान से घुसपैठ कर आए लगभग 65 विदेशी आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज कर रही हैं। 

लश्कर-जैश के 65 आतंकी रडार पर। फाइल फोटो

लश्कर-जैश के 65 आतंकी रडार पर। फाइल फोटो

HighLights

  1. स्थानीय आतंकियों का सफाया, अब विदेशी आतंकियों पर सुरक्षाबलों का ध्यान।

  2. जम्मू-कश्मीर में लगभग 65 विदेशी आतंकी सक्रिय, घुसपैठ की फिराक में।

  3. सुरक्षा एजेंसियां अभियान तेज कर रही, दुर्गम क्षेत्रों में बेस स्थापित।

राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में स्थानीय आतंकवादियों की सक्रिय मौजूदगी समाप्त होने के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान से घुसपैठ कर आए विदेशी आतंकियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। खुफिया एजेंसियों के आकलन के अनुसार, केंद्र शासित प्रदेश में करीब 65 विदेशी आतंकी सक्रिय हैं।

इनमें 35 लश्कर-ए-तैयबा, 25 जैश-ए-मोहम्मद और पांच अन्य प्रतिबंधित आतंकी संगठनों से जुड़े हैं। हालांकि, कुछ अन्य खुफिया इनपुट में जैश और लश्कर से जुड़े आतंकियों की संख्या करीब 55 बताई गई है।

कश्मीर घाटी में लश्कर का आखिरी ज्ञात सक्रिय स्थानीय आतंकी लतीफ भट 18 नवंबर को कुलगाम में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था।

इसके बाद घाटी में कोई सूचीबद्ध स्थानीय आतंकी सक्रिय नहीं बचा है। पिछले दो वर्षों में करीब आधा दर्जन स्थानीय आतंकी मुठभेड़ों में मारे गए हैं और स्थानीय युवाओं की नई भर्ती पर भी प्रभावी रोक लगी है।

घुसपैठ की फिराक में आतंकी

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, विदेशी आतंकियों की मौजूदगी मुख्य रूप से पुंछ, राजौरी, किश्तवाड़ और डोडा के दुर्गम पहाड़ी एवं घने जंगलों वाले इलाकों में है।

आशंका है कि कुछ आतंकी हाल ही में घुसपैठ कर आतंकी नेटवर्क को दोबारा सक्रिय करने और हमलों को अंजाम देने की फिराक में हैं। इनके स्थानीय मददगारों और ओवरग्राउंड वर्कर्स (ओजीडब्ल्यू) की पहचान कर निगरानी बढ़ाई गई है।

पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा बलों ने विदेशी आतंकियों को दुर्गम क्षेत्रों में ठिकाने बनाने से रोकने के लिए 80 से अधिक अस्थायी ऑपरेशनल बेस (टीओबी) स्थापित किए हैं। इनमें कई बेस 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई पर हैं, जहां सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान तैनात हैं।

पहला ऐसा बेस जुलाई 2025 में श्रीनगर के फकीर गुजरी इलाके में स्थापित किया गया था। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि आतंकी जंगलों, गुफाओं और चरवाहों के पारंपरिक आश्रय स्थलों (ढोक) में छिपे हैं।

जम्मू-कश्मीर में सक्रिय थे 135 आतंकी 

वहीं, किश्तवाड़ में सैफुल्लाह के नेतृत्व वाले जैश के सात आतंकियों का सफाया सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी रही। अप्रैल 2024 में घुसपैठ करने वाले इस समूह को 22 फरवरी को छत्रू क्षेत्र में ऑपरेशन त्राशी-I के दौरान खत्म किया गया था।

आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 में जम्मू-कश्मीर में 135 आतंकी सक्रिय थे, जिनमें 85 विदेशी और 50 स्थानीय थे। वर्ष 2024 में यह संख्या घटकर 91 रह गई थी।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी प्रदेश को जल्द आतंकवाद मुक्त बनाने का भरोसा जताया है। अब सुरक्षा एजेंसियों का मुख्य लक्ष्य विदेशी आतंकियों, घुसपैठ और उनके मददगार नेटवर्क का पूरी तरह सफाया करना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।