Live Mortar Shell: मेंढर में जाबा पुल के पास मिला जिंदा मोर्टार शैल, सेना ने निष्क्रिय किया
सूचना मिलते ही सेना के जवान बम निष्क्रिय दस्ते के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने बड़ी सावधानी के साथ मोटार्र को रिहायशी इलाके से दूर ले जाकर उसे निष्क्रिय कर दिया।
पुंछ, जेएनएन। जिला पुंछ में नियंत्रण रेखा साथ लगते मेंढर सेक्टर में रिहायशी इलाके के पास जिंदा मोर्टार शैल मिलने से लोगों में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। यह शैल मेंढर नदी पर बने जाबा पुल के समीप ही पड़ा था। गांववासियों ने ही शैल को सबसे पहले दिखा जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आज दोपहर बाद जब गांव के कुछ लोग मेंढर की मुख्य नदी के किनारे जा रहे थे तो उन्होंने नहर किनारे कोई संदिग्ध वस्तु देखी। पास जाने पर उन्होंने देखा कि जिंदा मोटार्र शैल है। इसकी सूचना क्षेत्र में फैलते ही दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। जाबा पुल पर वाहनों की आवाजाही को बंद कर तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच शैल की जांच की। मोटार्र अभी फटा नहीं था।
पुलिस ने इस बारे में सेना को सूचित किया। सूचना मिलते ही सेना के जवान बम निष्क्रिय दस्ते के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने बड़ी सावधानी के साथ मोटार्र को रिहायशी इलाके से दूर ले जाकर उसे निष्क्रिय कर दिया।पुलिस का कहना है कि इन दिनों पाकिस्तान आतंकियों की घुसपैठ कराने के लिए रिहायशी इलाकों को निशाना बना रहा है। यह मोटार्र भी इसी दौरान मेंढर के इस इलाके में दागा गया जो जाबा पुल से कुछ दूरी पर गिरा तो सही परंतु फटा नहीं। उन्होंने कहा कि सेना की मदद से शैल को निष्क्रिय कर दिया गया है। अब डर की कोई बात नहीं है। उन्होंने लोगों से इसी तरह सतर्कता बरने के लिए कहा।