Jammu Kashmir: उपराज्यपाल जीसी मुर्मू की बड़ी घोषणा जम्मू-कश्मीर में जल्द होंगे विधानसभा चुनाव
उपराज्यपाल ने पुलिस जवानों से कहा कि इन चुनावों में उनकी अहम भूमिका रहेगी इसलिए वे अभी से इसके लिए तैयारी शुरू कर दें।
जम्मू, जेएनएन। केंद्र शासित जम्मू-कश्मीर में जल्द विधानसभा चुनाव करवाए जाएंगे। यह घोषणा उपराज्यपाल जीसी मुर्मू ने करते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर में केंद्र शासन होने के साथ-साथ अपनी विधानसभा भी होगी और यहां जनप्रतिनिध चुने जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। मुर्मू जिला रियासी में पुलिस ट्रेनिंग सेंटर तलवाड़ा में पुलिस जवानों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि राज्य में आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस बेहतर काम कर रही है। इसके जवान अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सुरक्षा को यकीनी बना रहे हैं। पुलिस जवानों को जो भी दायित्व सौंपा गया, वे उससे कभी पीछे नहीं हटे। जल्द ही जम्मू-कश्मीर पुलिस के कंधों पर एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी डाली जाएगी और वह होगी राज्य में शांतिपूर्वक विधानसभा चुनाव करवाना।
उपराज्यपाल ने पुलिस जवानों से कहा कि इन चुनावों में उनकी अहम भूमिका रहेगी इसलिए वे अभी से इसके लिए तैयारी शुरू कर दें। उन्होंने कहा कि यह भी संकेत दिया कि चुनाव करवाने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। जल्द ही आम जनता को इस संबंध में सूचित कर दिया जाएगा।