Jammu Kashmir: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा बोले- 18 वर्ष से ऊपर के सभी विद्यार्थियों के टीकाकरण के बाद इसी महीने कॉलेज-यूनिवर्सिटी खोलने पर विचार
इसके लिए सबसे पहले विद्यार्थियों का टीकाकरण जरूरी है। ऐसे में 18 वर्ष से ऊपर के आयुवर्ग के सभी विद्यार्थियों का टीकाकरण होने के उपरांत ही प्रदेश के कॉलेज और यूनिवर्सिटी को फिर से इसी महीने खोलने पर विचार किया जा सकता है।
जम्मू, जेएनएन। केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि 18 वर्ष से ऊपर के सभी विद्यार्थियों के टीकाकरण के बाद ही इस महीने कॉलेज और यूनिवर्सिटी को फिर से खोलने पर विचार कर रहा है।
विश्व प्रसिद्ध डल झील के किनारे बने एसकेआइसीसी में एक कार्यक्रम के उपरांत पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि सरकार प्रदेश में कॉलेज और यूनिवर्सिटी फिर से खोलने की विद्यार्थियों व अभिभावकों की उचित मांग पर विचार कर रही है। इसके लिए सबसे पहले विद्यार्थियों का टीकाकरण जरूरी है। ऐसे में 18 वर्ष से ऊपर के आयुवर्ग के सभी विद्यार्थियों का टीकाकरण होने के उपरांत ही प्रदेश के कॉलेज और यूनिवर्सिटी को फिर से इसी महीने खोलने पर विचार किया जा सकता है।
कश्मीर में मौजूदा सुरक्षा के परिदृश्य के संबंध में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि सुरक्षा की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। सरकार और सुरक्षाबल किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने "साथ" का शुभारंभ करते हुए कहा कि इस वर्ष महिलाओं के 11 हजार सेल्फ हेल्प ग्रुप आगे आएंगे ताकि वे दूसरों पर निर्भर रहने की बजाय स्वयं आत्मनिर्भर हो सके। "साथ" कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश की ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके माध्यम से महिलाओं को माकेर्टिंक बारे में अवगत करवाया जाएगा ताकि वे अपने उत्पादों का सही ढंग से प्रचार और प्रसार कर सकें।उन्होंने कहा कि प्रदेश की कईं महिलाएं सेल्फ ग्रुप चला रही हैं लेकिन उनका सही तरह से मार्गदर्शन नहीं किया जा रहा है। उम्मीद है कि "साथ" का शुभारंभ होने से महिलाओं को लाभ होगा।