किश्तवाड़ में बलिदानी SPO जवानों के परिजन को मिलेगी सरकारी नौकरी, LG सिन्हा का आश्वासन- आतंकियों के खात्मे का दिया भरोसा
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किश्तवाड़ के दच्छन क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने शहीद एसपीओ के परिवारों को मुआवजा, सरकारी नौकरी और हरसंभव सहायता देने का भी वादा किया।

किश्तवाड़ में बलिदानी SPO जवान (फोटो- जागरण आर्काइव)
HighLights
एलजी सिन्हा ने किश्तवाड़ में आतंकवाद पर निर्णायक कार्रवाई का आश्वासन दिया
शहीद एसपीओ परिवारों को मुआवजा, नौकरी और हरसंभव सहायता मिलेगी
उत्तरी कमान प्रमुख ने किश्तवाड़ सुरक्षा स्थिति और तैयारियों की समीक्षा की
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जिला किश्तवाड़ के दूरदराज व दुर्गम दच्छन क्षेत्र में आतंकवाद पर शिकंजा कसने के साथ सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जाएगा।
वीरवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विधायक शगुन परिहार के नेतृत्व में किश्तवाड़ से आए प्रतिनिधिमंडल को आतंकवाद के पूरे नेटवर्क के खात्मे के लिए निर्णायक कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही बलिदानी एसपीओ बाबी चंद (57) और रशपाल कुमार (45) के परिवारों को मुआवजा, सरकारी नौकरी और हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
लोकभवन में हुई बैठक में उपराज्यपाल ने बलिदानी एसपीओ रछपाल कुमार और बाबी चंद को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की सुरक्षा में प्राण न्योछावर करने वाले जवानों के परिवारों को प्रशासन हरसंभव मदद देगा।
प्रतिनिधिमंडल ने कियार और दच्छन के दूरदराज इलाकों की सुरक्षा, सड़क, संचार और अन्य बुनियादी समस्याएं उठाईं। कियार में एसओजी चौकी स्थापित करने की मांग पर उपराज्यपाल ने उपायुक्तों और एसएसपी के साथ समीक्षा बैठक में चर्चा का भरोसा दिया।
दुर्गम इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर फोकस
कियार में मोबाइल टावर लगाने और सड़क निर्माण में बाधा बन रही वन विभाग की मंजूरी का मामला संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कियार और आसपास के दुर्गम इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ सड़क और संचार ढांचा मजबूत किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में कियार निवासी सुरेश कुमार, प्रदीप कुमार, राम लाल ठाकुर, रोशन लाल ठाकुर, सतीश कुमार परिहार और रोहित परिहार के अलावा भाजपा जिला अध्यक्ष रवि परिहार, जिला उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, लोकेश परिहार और महिला मोर्चा की महासचिव उर्वशी गुप्ता शामिल रहीं।
11 नवंबर को हुए थे लापता
बता दें कि 11 नवंबर को दोनों एसपीओ ड्यूटी के दौरान लापता हो गए थे और अगले दिन 12 नवंबर को दच्छन के जंगल क्षेत्र से उनके गोलियों से छलनी शव बरामद किए गए।
इसके बाद बलिदानी दोनों एसपीओ के पार्थिव शरीर के बिना सम्मान डंपर वाहन में घर भेजने का भारी विरोध हुआ था। तब किश्तवाड़ की विधायक शगुन परिहार का भी दर्द और गुस्सा फूट पड़ा था और उन्होंने आइजी और डीआइजी के समक्ष कड़ा विरोध जताया था।
उत्तर कमान के चीफ ने लिया सुरक्षा जायजा
उत्तरी कमान के प्रमुख ने सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की उत्तरी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने किश्तवाड़ सेक्टर का दौरा कर सुरक्षा स्थिति और परिचालन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने किश्तवाड़ और नवापची क्षेत्रों में सुरक्षा ग्रिड, तैनात बलों की तैयारियों और आतंकरोधी अभियानों का जायजा लिया। शर्मा ने जमीनी स्तर पर तैनात कमांडरों व जवानों से बातचीत की।
उन्होंने कठिन मौसम व भूभाग में अभियानों की सराहना करते हुए परिचालन गति बनाए रखने व अन्य सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों के साथ बेहतर समन्वय पर जोर दिया। बता दें कि किश्तवाड़ के दूरदराज क्षेत्रों में आतंकी समय-समय पर वारदात करते हैं। अब इनपर शिकंजे की तैयारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।