किश्तवाड़ में दो SPO की हत्या के बाद एक्शन में LG सिन्हा, जम्मू में हाईलेवल बैठक; दुर्गम इलाकों की सुरक्षा पर फोकस
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें दूरदराज के इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था और उभरती चुनौतियों पर विशेष ध्यान दिया गया।

जम्मू में एलजी मनोज सिन्हा ने बुलाई हाईलेवल सुरक्षा समीक्षा बैठक। (फाइल फोटो)
HighLights
एलजी मनोज सिन्हा ने जम्मू में सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।
किश्तवाड़ में दो एसपीओ की हत्या के बाद सुरक्षा पर जोर दिया गया।
पुलिस और प्रशासन के बीच समन्वय पर विशेष चर्चा हुई।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जम्मू स्थित लोक भवन में उच्चस्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में जम्मू संभाग के मौजूदा सुरक्षा हालात, उभरती चुनौतियों और उनसे निपटने के लिए पुलिस एवं नागरिक प्रशासन की तैयारियों का जायजा लिया गया।
बैठक में जम्मू-कश्मीर पुलिस महानिदेशक गृह विभाग के वित्तीय आयुक्त एवं अतिरिक्त मुख्य सचिव, जम्मू रेंज के पुलिस महानिरीक्षक और जम्मू के मंडलायुक्त सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा जम्मू संभाग के विभिन्न जिलों के उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी बैठक में शामिल हुए।
दो एसपीओ की हत्या के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन
किश्तवाड़ जिले के दुर्गम डच्छन-मरवाह वन क्षेत्र में दो विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) की हत्या के बाद इस बैठक को काफी अहम माना जा रहा है। गौरतलब है कि 12 नवंबर को दो एसपीओ के गोलियों से छलनी शव बरामद हुए थे। दोनों एसपीओ एक दिन पहले सुरक्षा चौकी की ओर जाते समय लापता हो गए थे।
इस घटना ने पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्रों में तैनात सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, दोनों एसपीओ की सर्विस राइफलें भी घटनास्थल से गायब पाई गई थीं।
इनमें एक इंसास राइफल और एक .303 राइफल शामिल है। इस संबंध में दर्ज प्राथमिकी में अज्ञात आतंकियों द्वारा अवैध हथियारों से हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है।
SPO की हत्या पर राजनीतिक हलकों में भी उठे सवाल
घटना के बाद राजनीतिक स्तर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने दोनों एसपीओ को दुर्गम वन मार्ग से भेजने और उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने मामले में संभावित चूक और जिम्मेदारी तय करने की मांग भी की थी।
वहीं, किश्तवाड़ से भाजपा विधायक शगुन परिहार ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया था कि दोनों एसपीओ की आवाजाही से जुड़ी जानकारी लीक हुई थी। इन आरोपों के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई थी।
संवेदनशील इलाकों की सुरक्षा मजबूत करने पर जोर
ऐसे हालात में शुक्रवार को हुई सुरक्षा समीक्षा बैठक में जम्मू संभाग के संवेदनशील और दूरदराज के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सुरक्षाकर्मियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने तथा विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष ध्यान दिए जाने की संभावना है।
बैठक के दौरान उपराज्यपाल मनोज सिन्हा जम्मू संभाग की समग्र सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था की स्थिति और किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।
जिला स्तर की चुनौतियों और सुरक्षा उपायों की होगी समीक्षा
दुर्गम पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधन, सुरक्षा बलों के बीच सूचनाओं का आदान-प्रदान, संयुक्त कार्रवाई में समन्वय और संवेदनशील इलाकों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना भी बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल माना जा रहा है।
जिला स्तर के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे जमीनी स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों का आकलन करने और आवश्यक सुरक्षा उपायों पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। समाचार लिखे जाने तक बैठक जारी थी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।