जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर भूस्खलन यातायात बाधित
जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया है। भूस्खलन के चलते रामबन जिले में कई वाहनों के फंसे होने की जानकारी है।
जम्मू, (आईएएनएस)। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर भूस्खलन से यातायात बाधित हो गया है। यातायात विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को भूस्खलन के चलते रामबन जिले में कई वाहनों के फंसे होने की जानकारी है।
यातायात विभाग अधिकारी ने बताया, भूस्खलन कारणों से आज जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों तरफ से यातायात बंद है। जानकारी है कि भारी बारिश से भूस्खलन हुआ है। यातायात निकासी अभियान शुरू हो गया है। जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग को दो दिन के दौरान बहाल होने की संभावना है।
जानकारी हो कि कश्मीर में हुई बर्फबारी से उत्तर भारत का मौसम लगातार बदल रहा है। जम्मू-कश्मीर के ऊंचाई वाले अधिकतर स्थानों पर ताजा बर्फबारी हुई है जबकि मैदानी इलाकों में मंगलवार को बारिश हुई। बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। अधिकारी ने बताया कि सोनमर्ग, जोजिला दर्रा, अमरनाथ गुफा, गुलमर्ग में अफारवत, मुगल रोड और ऊंचाई वाले कई इलाकों में ताजा बर्फबारी हुई है। अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर सहित घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। जोजिला दर्रे पर बर्फबारी और बारिश के कारण श्रीनगर-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात रोक दिया गया है।