विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लद्दाख चुनाव अपडेट: आज नामांकन का आखिरी दिन, 4 दिसंबर को LAHDC चुनाव; 55 सरपंच पहले ही निर्विरोध जीते

Published: Tue, 17 Nov 2026 11:44 AM (IST)

लद्दाख में 21 नवंबर को पंचायत-निकाय और 4 दिसंबर को एलएएचडीसी चुनावों के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी ...और पढ़ें

लद्दाख में 21 नवंबर को पंचायत-निकाय और 4 दिसंबर को  LAHDC चुनाव। (फाइल फोटो)

लद्दाख में 21 नवंबर को पंचायत-निकाय और 4 दिसंबर को LAHDC चुनाव। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. लद्दाख में 21 नवंबर और 4 दिसंबर को होंगे चुनाव।

  2. मुख्य सचिव ने चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश।

  3. मतदान केंद्रों पर सुविधाओं और निष्पक्ष चुनाव पर जोर।

जागरण संवाददाता, लेह। लद्दाख में आगामी चुनावों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। केंद्र शासित प्रदेश में पंचायत और लेह व कारगिल नगर परिषदों के चुनाव 21 नवंबर को होंगे, जबकि सभी आठ लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषदों (एलएएचडीसी) के लिए चार दिसंबर को मतदान कराया जाएगा। चुनावों के मद्देनजर मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा ने सोमवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया।

बता दें कि एलएएचडीसी चुनाव के लिए 17 नवंबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख है। 18 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच और 20 नवंबर को नाम वापसी होगी। मतगणना एवं चुनाव प्रक्रिया 8 दिसंबर से पहले पूरी की जानी है।

बैठक में मुख्य रूप से मतदान संबंधी व्यवस्थाओं, नामांकन प्रक्रिया और चुनाव के दौरान आवश्यक सुविधाओं पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने निर्वाचन क्षेत्रवार और जिलावार नामांकन की स्थिति की जानकारी लेते हुए उपायुक्तों से अब तक प्राप्त नामांकन पत्रों और संभावित उम्मीदवारों का ब्योरा मांगा। उन्होंने अधिकारियों को नामांकन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखने और नियमित अपडेट देने को कहा।

केंद्रों पर हीटिंग से लेकर CCTV तक के इंतजाम

मतदान की तैयारियों के तहत बैलेट बॉक्स, बैलेट पेपर की छपाई, ईवीएम, मतदान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की स्थापना, हीटिंग सुविधाओं और परिवहन व्यवस्था की समीक्षा की गई। लद्दाख की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सर्द मौसम को देखते हुए मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं समय रहते उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।

मुख्य सचिव ने सर्विस वोटर्स, मतदाता जागरूकता अभियान और मतगणना की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने राज्य निर्वाचन आयोग के साथ बेहतर समन्वय, जिला स्तर पर निगरानी और सभी विभागों के बीच तालमेल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उनका जोर चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने पर रहा।

192 पंचायत हलकों में होंगे चुनाव, 55 सरपंचों को बिना मुकाबले मिली जीत

गौरतलब है कि लद्दाख में 192 पंचायत हलकों में चुनाव होने हैं। इनमें 55 सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इसी तरह 1,428 पंच पदों में से 1,186 पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ है। लेह नगर परिषद के सभी 21 वार्डों में मतदान होगा, जबकि कारगिल नगर परिषद के 17 में से चार वार्डों में उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।

बैठक में पुलिस महानिदेशक, मंडलायुक्त, मुख्य निर्वाचन अधिकारी, सभी उपायुक्त, जिला पुलिस प्रमुख, एनआईसी के अधिकारी और राज्य निर्वाचन आयोग के समन्वयक रिगजिन स्पालगोन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। लेह से बाहर तैनात अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।