विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लद्दाख के बर्फीले इलाकों में 'ब्लैक-नेक्ड क्रेन' की शानदार वापसी, एक साल में 25% बढ़ी आबादी; चुशुल सबसे बड़ा गढ़

By Naveen NawazEdited By: Dallu Slathia
Published: Tue, 17 Nov 2026 04:22 PM (IST)

लद्दाख में राजकीय पक्षी ब्लैक-नेक्ड क्रेन की आबादी एक साल में 25% बढ़कर 108 हो गई है। यह वृद्धि संरक्षण ...और पढ़ें

लद्दाख में ब्लैक-नेक्ड क्रेन की आबादी में 25 प्रतिशत की वृद्धि। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

लद्दाख में ब्लैक-नेक्ड क्रेन की आबादी में 25 प्रतिशत की वृद्धि। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)

HighLights

  1. लद्दाख में ब्लैक-नेक्ड क्रेन की आबादी 108 हुई।

  2. एक साल में 25 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

  3. संरक्षण प्रयासों और स्थानीय भागीदारी से मिली सफलता।

नवीन नवाज, जम्मू। लद्दाख की ऊंची पहाड़ियों और शांत आर्द्रभूमियों में पाई जाने वाली दुर्लभ ब्लैक-नेक्ड क्रेन (काली गर्दन वाली सारस) की बढ़ती संख्या ने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में नई उम्मीद जगाई है। लद्दाख के राजकीय पक्षी की आबादी वर्ष 2026 में बढ़कर 108 दर्ज की गई है, जबकि पिछले साल इनकी संख्या 87 थी। एक वर्ष के भीतर करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह बदलाव क्षेत्र में इस दुर्लभ पक्षी के संरक्षण और उसके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।

ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस साल दर्ज किए गए कुल 108 पक्षियों में 86 वयस्क और 22 बच्चे शामिल हैं। पिछले वर्ष 70 वयस्क पक्षियों और 17 बच्चों की मौजूदगी दर्ज की गई थी।

खास बात यह है कि बच्चों की संख्या में भी बढ़ोतरी हुई है, जो चांगथांग क्षेत्र में ब्लैक-नेक्ड क्रेन की प्रजनन गतिविधियों के जारी रहने की पुष्टि करती है।

चुशुल बना पक्षियों की मौजूदगी का प्रमुख केंद्र

सर्वेक्षण में चांगथांग क्षेत्र के विभिन्न प्रजनन स्थलों पर पक्षियों की मौजूदगी में अंतर देखने को मिला। चुशुल में सबसे अधिक 16 ब्लैक-नेक्ड क्रेन दर्ज किए गए, जबकि त्सोकर और करजोक में 15-15 तथा कोरजोक में 14 पक्षियों की मौजूदगी सामने आई। इन चार क्षेत्रों में ही कुल 60 पक्षी पाए गए, जो सर्वेक्षण में दर्ज कुल संख्या का लगभग 56 प्रतिशत है।

पिछले कुछ वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो ब्लैक-नेक्ड क्रेन की आबादी में धीरे-धीरे सुधार दर्ज किया गया है। वर्ष 2021 से 2025 के बीच वयस्क पक्षियों की संख्या में औसतन 12.9 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि हुई। वहीं, बच्चों की संख्या में उतार-चढ़ाव के बाद इस वर्ष 22 तक पहुंचना संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्ष 2021 में इनके केवल 9 बच्चे दर्ज किए गए थे, जबकि 2022 में यह संख्या घटकर 7 रह गई थी।

आवारा कुत्तों से घोंसलों की सुरक्षा बनी बड़ी चुनौती

लद्दाख में ब्लैक-नेक्ड क्रेन के संरक्षण के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक खुले में घूमने वाले आवारा कुत्तों से इनके घोंसलों, अंडों और नवजात बच्चों की सुरक्षा करना है। इस दिशा में पर्यावरण संरक्षण बल (EPF) की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। बल में शामिल पूर्व सैनिकों ने प्रजनन स्थलों की निगरानी और पक्षियों की सुरक्षा के लिए जमीनी स्तर पर काम किया है।

लद्दाख के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने संरक्षण कार्यों में जुटे जवानों और स्थानीय समुदायों के योगदान की सराहना की है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की भागीदारी को अहम बताते हुए कहा कि प्राकृतिक विरासत की सुरक्षा तभी संभव है, जब स्थानीय लोग भी इसके संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

उपराज्यपाल ने ब्लैक-नेक्ड क्रेन की बढ़ती संख्या को लद्दाख के लिए गर्व का विषय बताते हुए विश्वास जताया कि निरंतर संरक्षण प्रयासों से आने वाले वर्षों में इनकी आबादी में और वृद्धि होगी। उन्होंने इस पक्षी को लद्दाख की विशिष्ट पारिस्थितिक पहचान का प्रतीक बताते हुए इसके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

पहली बार आयोजित हुआ ब्लैक-नेक्ड क्रेन महोत्सव

ब्लैक-नेक्ड क्रेन के संरक्षण को लेकर इस वर्ष लद्दाख प्रशासन ने पहली बार विशेष महोत्सव का आयोजन भी किया। इसका उद्देश्य राजकीय पक्षी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उसके प्राकृतिक आवास के संरक्षण में स्थानीय लोगों, विशेषकर युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना था।

महोत्सव के दौरान चांगथांग के ऊंचाई वाले आर्द्रभूमि क्षेत्रों के पर्यावरणीय महत्व को भी सामने लाया गया। ये क्षेत्र ब्लैक-नेक्ड क्रेन सहित कई वन्यजीव प्रजातियों के लिए महत्वपूर्ण प्राकृतिक आवास हैं।

लद्दाख में ब्लैक-नेक्ड क्रेन की संख्या का 108 तक पहुंचना निश्चित रूप से एक सकारात्मक संकेत है। हालांकि, इस दुर्लभ पक्षी के लिए सुरक्षित प्रजनन स्थल, प्राकृतिक आर्द्रभूमियों का संरक्षण और मानवीय गतिविधियों से पैदा होने वाले खतरों को कम करना भविष्य की बड़ी जरूरत बनी रहेगी। इस वर्ष के आंकड़े उम्मीद जरूर जगाते हैं, लेकिन इस उपलब्धि को स्थायी बनाए रखने के लिए संरक्षण के प्रयासों को लगातार जारी रखना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।