जम्मू के कुंजवानी फ्लाईओवर पर हादसा, अनियंत्रित होकर पलटी कार
जम्मू के कुंजवानी फ्लाईओवर के अंतिम मोड़ पर एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। संकीर्ण सड़क और रोशनी की कमी के कारण यह घटना हुई।

जम्मू कुंजवानी फ्लाईओवर पर पलटी कार।
HighLights
कुंजवानी फ्लाईओवर पर संकीर्ण सड़क बनी हादसे का कारण।
रोशनी की कमी से कार अनियंत्रित होकर पलटी।
स्थानीय लोगों ने तत्काल सुरक्षा सुधार की मांग की।
जागरण संवाददाता, जम्मू। कुंजवानी फ्लाईओवर के अंतिम मोड़ पर संकरी सड़क और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से एक बड़ा हादसा पेश आया। यहां एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। गनीमत रही कि कार फ्लाईओवर से नीचे नहीं गिरी, अन्यथा हादसा गंभीर रूप ले सकता था। हादसे के बाद सामने आए दृश्य में कार बुरी तरह पलटी हुई दिखाई दे रही है।
स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, फ्लाईओवर के अंतिम छोर पर पहुंचते ही सड़क अचानक संकरी हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को आगे का रास्ता समझने और वाहन नियंत्रित करने में परेशानी हो सकती है।
खासकर रात के समय यहां पर्याप्त रोशनी नहीं होने से खतरा और बढ़ जाता है। संबंधित स्थान पर स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था नहीं होने के कारण पूरा क्षेत्र अंधेरे में रहता है। इस हादसे ने फ्लाईओवर के निर्माण और यातायात व्यवस्था से जुड़े इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वाहन चालकों और स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग इस स्थान का तत्काल निरीक्षण करे और सड़क की चौड़ाई, अंतिम मोड़ की बनावट तथा रोशनी की व्यवस्था में सुधार किया जाए। लोगों का कहना है कि जब तक फ्लाईओवर का निर्माण कार्य पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरा नहीं होता, तब तक इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को लेकर उचित प्रबंध किए जाने चाहिए।
जरूरत पड़ने पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग और पर्याप्त लाइटें लगाई जाएं, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने या वाहन चालक की स्थिति को लेकर जानकारी नहीं मिल पाई।