विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुलगाम मुठभेड़: 'आज जिंदा नहीं बचेंगे...', मदरसे में फंसी थीं 25 बच्चियां, हाफिज अयूब बोले- सेना ने फरिश्ता बनकर निकाला बाहर

Published: Wed, 18 Nov 2026 11:57 PM (IST)

दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में मुठभेड़ के दौरान एक मदरसे से 25 बच्चियों और दो शिक्षकों को सुरक्षित निकाला गया। ...और पढ़ें

मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन चलाते सेना के जवान। फोटो जागरण

मुठभेड़ के बाद सर्च ऑपरेशन चलाते सेना के जवान। फोटो जागरण


HighLights

  1. कुलगाम मुठभेड़ के दौरान मदरसे से 25 बच्चियों का बचाव।

  2. सुरक्षाबलों ने दो शिक्षकों सहित सभी 27 लोगों को बचाया।

  3. दृष्टिहीन हाफिज अयूब ने बच्चों की सलामती पर आभार व्यक्त किया।

नवीन नवाज, जम्मू। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम में बुधवार को गोलियों की गूंज के बीच एक मदरसे में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहीं 25 बच्चियों और दो शिक्षकों की सांसें अटकी हुई थीं। बाहर सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी थी, तो अंदर मासूम बच्चे दहशत के साये में थे। लेकिन इस खौफनाक मंजर के बीच कुछ ऐसा हुआ, जिसने इंसानियत और साहस की एक मिसाल कायम कर दी।

मदरसे के संस्थापक हाफिज मोहम्मद अयूब भट के लिए यह किसी बड़े इम्तिहान से कम नहीं था। हालांकि, मुठभेड़ के वक्त वह संस्थान में मौजूद नहीं थे, लेकिन वहां फंसी बच्चियों की सलामती को लेकर बेहद चिंतित थे। जब उन्हें खबर मिली कि सेना के जवानों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सभी 27 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, तो उनकी चिंता राहत और शुक्रगुजारी में बदल गई।

अयूब ने कहा कि मैं अल्लाह का शुक्रगुजार हूं कि सभी बच्चियों और शिक्षकों को मुठभेड़ वाली जगह से सुरक्षित निकाल लिया गया। बताया जाता है कि 9 राष्ट्रीय राइफल्स के एक अधिकारी और एक अन्य जवान ने भारी गोलीबारी के बीच मदरसे में प्रवेश कर सभी बच्चों और शिक्षकों को सुरक्षित बाहर निकाला। बच्चियों के लिए वह पल बेहद डरावना था। उन्हें लग रहा था कि शायद वे जिंदा नहीं बच पाएंगी।

इस घटना के पीछे हाफिज अयूब का जीवन संघर्ष भी उतना ही प्रेरणादायक है। जंगालपोरा गांव के रहने वाले अयूब ने महज आठ साल की उम्र में अपनी आंखों की रोशनी खो दी थी। लेकिन इस शारीरिक चुनौती को उन्होंने अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। उन्होंने पूरा कुरान कंठस्थ किया और धार्मिक शिक्षा को अपने जीवन का मकसद बना लिया।

इसी संकल्प के साथ उन्होंने जांगलपोरा में दर्सगाह अब्दुल्लाह इब्नी मकतूब (रह.) की स्थापना की, जहां बच्चों को धार्मिक शिक्षा दी जाती है। अयूब कहते हैं कि अल्लाह ने मुझे इस नेक काम के लिए चुना है, शायद इसी वजह से बचपन में मेरी आंखों की रोशनी चली गई।”

बुधवार की मुठभेड़ में आतंकवादी कमांडर मोहम्मद लतीफ बट के मारे जाने से पहले 27 लोगों की सुरक्षित निकासी ने यह साबित किया कि संकट की घड़ी में इंसानी जिंदगी बचाना सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।