नए कृषि बिल के खिलाफ किसान कांग्रेस का प्रदर्शन
आज सांबा में ऑल जेएंडके किसान कांग्रेस द्वारा नए कृषि बिल के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम विशेष रूप से उपस्थित थे जिसमें सांबा कांग्रेस इकाई के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
संवाद सहयोगी, सांबा : आज सांबा में ऑल जेएंडके किसान कांग्रेस द्वारा नए कृषि बिल के विरोध में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम विशेष रूप से उपस्थित थे, जिसमें सांबा कांग्रेस इकाई के कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कार्यकर्ताओं ने नए कृषि बिल का विरोध करते हुए कहा कि पूरे देश में 70 प्रतिशत लोग खेतीबाड़ी करते हैं, लेकिन सरकार ने मात्र पांच प्रतिशत लोगों को खुश करने के लिए इस किसान विरोधी बिल को पास कर अन्य किसानों के साथ अन्याय किया है, जिसे कांग्रेस पार्टी बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि इस बिल से जय जवान, जय किसान का नारा बेमानी साबित होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसानों को प्रताड़ित कर रही है, जिसके चलते आज किसान दुखी हैं। सड़कों पर धरने-प्रदर्शन करने को मजबूर हैं।
कांग्रेस किसान सेल के जिला सांबा के अध्यक्ष दीवान खजुरिया ने कहा कि सरकार ने जो कृषि बिल किसानों के लिए लाया है वो किसान विरोधी विधेयक है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को कोई लाभ नहीं मिलने वाला और इसके कारण पूंजीवादी लोग किसानों पर हावी होंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार कहती है कि किसानों के हित में इस विधेयक को पास किया है जबकि पूरे देश भर के किसान सड़कों पर है। उन्होंने कहा कि किसान पहले से ही मंदी की मार झेल रहा है और उस पर केंद्र सरकार द्वारा जबरन बिल थोपा गया है। कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के हित के लिए बात करती रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार इस बिल को वापस नहीं लेगी तब तक ऑल जेके किसान कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। इस अवसर पर किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष दीवान खजुरिया, पीसीसी मेंबर सुभाष भगत, जगराम, तीर्थ राम, सतपाल, कृष्ण कुमार, करनैल चंद आदि मौजूद थे।