विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले कश्मीरी हिंदुओं के खिलाफ थाने में दी शिकायत, अब खुद गिरफ्तार हुए; कैसे उलझा एक्टिविस्ट राकेश हांडू का मामला?

Published: Tue, 27 Oct 2026 07:10 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कश्मीरी हिंदू एक्टिविस्ट राकेश हांडू को गिरफ्तार किया है। उन पर कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों को धमकी भरे ...और पढ़ें

फरीदाबाद में राकेश हांडू की पुरानी शिकायत भी चर्चा में।

फरीदाबाद में राकेश हांडू की पुरानी शिकायत भी चर्चा में।

HighLights

  1. कश्मीरी पंडित राकेश हांडू फरीदाबाद से जम्मू-कश्मीर पुलिस द्वारा गिरफ्तार।

  2. धमकी भरे संदेश साझा कर दहशत फैलाने का उन पर आरोप।

  3. हांडू ने पहले खुद कुछ कश्मीरी हिंदुओं पर शिकायत की थी।

हरेंद्र नागर, फरीदाबाद/जम्मू। कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों को धमकी देने के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद से कश्मीरी पंडित एक्टिविस्ट राकेश हांडू को गिरफ्तार किया है। हांडू पर आरोप है कि उन्होंने धमकी भरे संदेशों को इंटरनेट मीडिया पर शेयर कर दहशत फैलाने में भूमिका निभाई। हालांकि, मामले में जांच जारी है। उनकी गिरफ्तारी के बाद अब फरीदाबाद में दी गई उनकी एक पुरानी शिकायत भी चर्चा में है, जिसमें उन्होंने सात कश्मीरी हिंदुओं पर वाट्सएप के जरिए धमकी देने और पत्नी-बेटी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था।

जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा फरीदाबाद से गिरफ्तार किए गए कश्मीरी पंडित राकेश हांडू ने 20 अप्रैल को यहां बीपीटीपी थाने में शिकायत दी थी। उन्होंने शिकायत में सात कश्मीरी हिंदुओं के नाम लिखे थे। उनपर वाट्सएप पर धमकी देने व पत्नी व बेटी के खिलाफ अभद्र भाषा प्रयोग करने के आरोप लगाए थे।

इस शिकायत पर पुलिस ने केवल उन लोगों को फोन पर डांट दिया था, मगर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इससे उन लोगों हलचल हो गई और उन्होंने जम्मू कश्मीर के बारामूला थाने में राकेश हांडू के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया।

कश्मीरी पंडितों के हक में उठाते रहे आवाज

जम्मू कश्मीर पुलिस 17 अक्टूबर को फरीदाबाद आई और राकेश हांडू को गिरफ्तार कर ले गई। वे यहां पहले आरपीएस सवाना सोसायटी में रहते थे, इन दिनों आरपीएस पाम सोसायटी में परिवार के साथ रह रहे थे। फरीदाबाद में बेटे के साथ उन्होंने कारों की क्लीनिंग का सर्विस सेंटर खोला हुआ है।

फिलहाल उनके फ्लैट पर ताला लटका है। सोसायटी के निवासी भी उनके बारे में ज्यादा नहीं जानते और बात करने से बचते रहे। इंटरनेट पर मौजूद जानकारी के अनुसार, राकेश हांडू कश्मीरी पंडितों के हक की लड़ाई लड़ते हैं और उनके लिए आवाज उठाते रहते हैं। कई हिंदू और कश्मीरी पंडित संगठनों ने इंटरनेट पर उनकी गिरफ्तारी का विरोध शुरू कर दिया है।

कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों को ऑनलाइन धमकियां

कुछ समय पूर्व प्रधानमंत्री पुनर्वास पैकेज के आधार पर नियुक्त किए गए कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों को आतंकी संगठनों के नाम से ऑनलाइन धमकियां जारी की गई थी। यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल के नाम से जारी धमकी भरे पत्रों में कर्मचारियों के नाम, पते और मोबाइल नंबर तक सार्वजनिक किए गए थे और उन्हें कश्मीर छोड़ने की धमकियां दी गईं थी।

इससे कश्मीरी हिंदुओं में हड़कंप मच गया था। हांडू पर आरोप है कि उन्होंने धमकी भरे पत्रों को कई बार इंटरनेट मीडिया पर साझा किया। जम्मू कश्मीर पुलिस का दावा है कि इससे भय की स्थिति बन गई। इस कारण उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जम्मू कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया।

कश्मीरी हिंदू कर्मचारियों को धमकी देने के पीछे किसका हाथ? फरीदाबाद से राकेश हांडू गिरफ्तार, IG बोले- मिले अहम सुराग