विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Weather Update: जम्मू-कश्मीर में मौसम लेने वाला है करवट, 10 नवंबर को आंधी-तूफान का अलर्ट; जानें ताजा अपडेट

Published: Sun, 08 Nov 2026 06:30 AM (GMT+05:30)

Jammu-Kashmir Weather Update: मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार, जम्मू-कश्मीर में 10 नवंबर से मौसम में बदलाव आएगा, जिसमें 10 ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर में 10 नवंबर को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी। (फाइल फोटो)

जम्मू-कश्मीर में 10 नवंबर को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. 10 नवंबर से जम्मू-कश्मीर में मौसम में बदलाव।

  2. 12 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश, बर्फबारी संभव।

  3. किसानों, यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह जारी।

जागरण संवाददाता, जम्मू। अगले कुछ दिनों तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन 10 नवंबर की देर शाम से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर द्वारा जारी पांच दिवसीय पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार  से 9 नवंबर तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा।

पूर्वानुमान के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर को आसमान में बादल छाए रहेंगे तथा कई स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है।

इसके बाद 12 नवंबर की शाम और रात से मौसम में फिर बदलाव आने के आसार हैं। इस दौरान अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश तथा ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। 14 और 15 नवंबर को मौसम आंशिक रूप से बादलयुक्त रहने की संभावना जताई गई है।

10 नवंबर को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी

मौसम विभाग ने 10 नवंबर को गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका भी जताई है। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिलों के लिए जारी चेतावनी में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए किसानों को 10 नवंबर तक फसल कटाई और अन्य कृषि कार्य पूरे करने की सलाह दी गई है। साथ ही कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने और उचित भंडारण की व्यवस्था करने को कहा गया है, ताकि संभावित बारिश से फसलों को नुकसान न पहुंचे।

एडवाइजरी का पालन करने की सलाह

वहीं, यात्रियों और परिवहन संचालकों को मौसम एवं सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए यात्रा की योजना बनाने तथा यातायात विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

जम्मू में गर्मी का असर बरकरार

जम्मू में अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश के सभी केंद्रों में सबसे अधिक रहा। वहीं श्रीनगर में अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री, कुपवाड़ा में 23.2 डिग्री, बनिहाल में 22.4 डिग्री और कटड़ा में 27.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

शोपियां में इस मौसम की सबसे ठंडी रात

दूसरी ओर रात के तापमान में गिरावट के चलते गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पहलगाम में न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री, श्रीनगर में 3.4 डिग्री और कुपवाड़ा में 1.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जम्मू में न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शोपियां में इस मौसम की सबसे ठंडी रात - 0.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई, जबकि पूरी घाटी में तापमान फ्रीजिंग पाइंट के आसपास बना रहा, बडगाम और कोनिबल पंपोर में 1.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। बारामूला में 3.7 डिग्री सेल्सियस, जबकि कुलगाम में 3.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

लेह में माइनस 4.2 डिग्री पहुंचा पारा

इस बीच, लद्दाख में तापमान शून्य से नीचे बना रहा, लेह में तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में सबसे कम है।

कारगिल में तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि नुब्रा घाटी में तापमान शून्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान जम्मू-कश्मीर के किसी भी प्रमुख मौसम केंद्र में बारिश दर्ज नहीं की गई। विभाग के अनुसार फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है। जिससे दिन में हल्की गर्माहट जबकि सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।