कश्मीर की वादियों में बर्फबारी का खूबसूरत नजारा, गुलमर्ग से माछिल-पीर की गली तक सफेद चादर; देखें मनमोहक तस्वीरें
जम्मू-कश्मीर में मौसम बदलने से ठंड बढ़ी है, श्रीनगर में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई है। मौसम ...और पढ़ें

कश्मीर में गुलमर्ग और पीर की गली में ताजा बर्फबारी। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
कश्मीर में मौसम बदला, श्रीनगर में बारिश, ऊंचाई पर बर्फबारी।
गुलमर्ग, पीर की गली, माछिल में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई।
अगले दो दिन बारिश-बर्फबारी का अनुमान, यातायात प्रभावित हो सकता है।
डिजिटल डेस्क, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में मौसम का मिजाज बदलते ही घाटी में ठंड बढ़ने लगी है। श्रीनगर में बारिश हुई तो ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी ने दस्तक दे दी। कुपवाड़ा के माछिल से लेकर शोपियां की पीर की गली तक ताजा बर्फ गिर रही है। पीर की गली में करीब दो इंच बर्फ जम चुकी है।
मौसम विभाग ने अगले दो दिन प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश और बर्फबारी की भी संभावना है।
कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल के ऊंचाई वाले इलाकों में मध्यम से भारी बर्फबारी होने की संभावना है, जबकि दिन के तापमान में 6-8°C की गिरावट आ सकती है। कुछ जगहों पर आंधी-तूफान और ओलावृष्टि भी हो सकती है। तस्वीरों में देखिए...

श्रीनगर में गुरुवार को हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ गई। घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी देखने को मिली।

उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में गुलमर्ग के बाहरी इलाके स्थित अफरवट चोटी पर ताजा बर्फबारी हुई। यहां पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बर्फबारी का आनंद लिया।

साधना टॉप, फेरकिन टॉप, करनाह घाटी, पीर की गली, सिंथन टॉप और ज़ोजिला दर्रे में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि गुलमर्ग की अफरावत पहाड़ियों के फेज़ 1 और फेज़ 2 भी बर्फ से ढक गए हैं।

शोपियां की पीर की गली में ताजा बर्फबारी जारी है। यहां करीब दो इंच ताजा बर्फ जम गई है। वहीं कुपवाड़ा जिले के माछिल क्षेत्र के कटवाड़ी गांव में भी पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से ताजा बर्फबारी हुई। बारिश और बर्फबारी के कारण पूरी घाटी में तापमान में गिरावट आई है।

राजदान टॉप पर लगभग 2 इंच बर्फबारी दर्ज की गई और वहां मध्यम बर्फबारी अभी भी जारी है। माछिल घाटी में डुड्डी, माछिल, पुश्वारी, चोंटीवारी, रिंग पायीन, रिंग बाला, कटवारा और बिसरी बेहक में बर्फबारी की खबर है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि ऊंचाई वाले इलाकों और प्रमुख पहाड़ी दर्रों में मध्यम से भारी बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे ऊंचाई वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा करने से बचें, जबकि किसानों से एहतियाती कदम उठाने को कहा गया है।