जम्मू-कश्मीर में 1.28 लाख करोड़ से बदलेगी सड़कों की सूरत, गुरेज-साधना टॉप तक सुरंग बनाने की तैयारी; जानें प्लान
जम्मू-कश्मीर में 1.28 लाख करोड़ रुपये के सड़क बुनियादी ढांचे के तहत 70,839 करोड़ रुपये की 31 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रस्तावित हैं।

जम्मू-कश्मीर में 43 हाईवे परियोजनाओं पर निर्माण जारी। (AI Generated)
HighLights
जम्मू-कश्मीर में 31 राजमार्ग परियोजनाएं 70,839 करोड़ की लागत से प्रस्तावित।
1.28 लाख करोड़ रुपये के सड़क बुनियादी ढांचे का हो रहा विस्तार।
मुख्य सचिव ने गुणवत्तापूर्ण निर्माण और दूरदराज संपर्क पर जोर दिया।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर में सड़क संपर्क व्यवस्था को व्यापक रूप से मजबूत करने के लिए 1.28 लाख करोड़ रुपये के बुनियादी ढांचा पोर्टफोलियो के तहत बड़े पैमाने पर परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इनमें 70,839 करोड़ रुपये की लागत वाली 31 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं डीपीआर अथवा सैद्धांतिक मंजूरी के चरण में हैं। इसके अलावा 39,784 करोड़ रुपये की लागत वाले 43 राष्ट्रीय राजमार्ग कार्य निर्माणाधीन हैं, जबकि 9,187 करोड़ रुपये के 11 स्वीकृत कार्य शुरू होने की प्रतीक्षा में हैं।
मुख्य सचिव डा. सज्जन सिंह यादव ने शुक्रवार को लोक निर्माण (सड़क एवं भवन) विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उक्त परियोजनाओं की प्रगति और भविष्य की कार्ययोजना का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कार्यों में तेजी लाने, समयबद्ध तरीके से परियोजनाएं पूरी करने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
बताया गया कि जम्मू-कश्मीर में लगभग 42,121 किलोमीटर लंबा सड़क नेटवर्क है। एनएच-244 पर 12.85 किलोमीटर लंबी सुधमहादेव-ड्रंगा सुरंग (4,179.18 करोड़ रुपये) और 38.61 किलोमीटर लंबी सिंहपोरा-वेलू सुरंग (5,600.28 करोड़ रुपये) प्रस्तावित हैं।
पीर की गली से गुरेज तक सुरंग परियोजनाओं पर चर्चा
दोनों के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। पीर की गली, साधना, केरन, मच्छल और गुरेज में भी सुरंग परियोजनाओं पर चर्चा हुई। जेड-मोड़ सुरंग यातायात के लिए चालू हो चुकी है, जबकि जोजिला सुरंग का 49.64 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। श्रीनगर रिंग रोड के पहले चरण और जम्मू रिंग रोड की सुरंगों में लगभग 92 प्रतिशत भौतिक प्रगति दर्ज की गई है। वहीं, एनएच-144ए (अखनूर-पुंछ) परियोजना में 90.35 प्रतिशत प्रगति हासिल हुई है।
पहाड़ी क्षेत्रों की चुनौतियों को ध्यान में रखकर बनेगा बुनियादी ढांचा
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से दूरदराज, सीमावर्ती और पहाड़ी क्षेत्रों में अंतिम छोर तक संपर्क मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि जम्मू-कश्मीर की कठिन भौगोलिक, जलवायु और भूगर्भीय परिस्थितियों को ध्यान में रखकर टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण बुनियादी ढांचे का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।