कारगिल में खुला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट केंद्र, वर्षों से हो रही थी मांग
कारगिल में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने से लोगों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। यह केंद्र लद्दाख का दूसरा और देश का 457वां है।

कारगिल में खुला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र।
HighLights
कारगिल में पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन
लद्दाख का दूसरा और देश का 457वां पासपोर्ट केंद्र
स्थानीय लोगों की वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी
राज्य ब्यूरो, जम्मू। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के कारगिल क्षेत्र में बुधवार से पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र खुलने के साथ ही लोगों की एक पुरानी मांग पूरी हो गई। कारगिल में लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना व विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र का उद्घाटन कर लोगों को सौगात दी।
कारगिल के लोगों को पहले पासपोर्ट बनाने के लिए लेह व श्रीनगर की लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। ऐसे में कारगिल में पासपोर्ट केंद्र की मांग पिछले कई वर्षों से जोरशोर से उठ रही थी। वर्ष 2017 में विदेश मंत्रालय ने लेह में लद्दाख का पहला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित किया था। इससे पहले लद्दाखियों के पास पासपोर्ट बनाने के लिए श्रीनगर जाने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
अब कारगिल में पासपोर्ट केंद्र के खुलने से कारगिल, जंस्कार व द्रास जिलों के लोगों को सीधा लाभ होगा। कारगिल में खुला पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र लद्दाख का दूसरा व देश का 457वां केंद्र है। इसे विदेश मंत्रालय ने डॉ.क विभाग के सहयोग से पोस्ट ऑफिस कारगिल में स्थापित किया है।
नए पासपोर्ट केंद्र की सुविधाएं विशेष रूप से उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण होगी, जिन्हें हज, उमराह के लिए सऊदी अरब व अन्य देशों की यात्रा करनी होती है। इसके अलावा विदेश में शिक्षा, रोजगार और अन्य उद्देश्यों के लिए जाने वाले युवाओं और नागरिकों को भी इसका लाभ मिलेगा।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने कहा कि कारगिल में पासपोर्ट केंद्र की शुरुआत लद्दाख में नागरिक-केंद्रित सेवाओं की अंतिम छोर तक पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विदेश मंत्रालय व डॉ.क विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कारगिल के लोगों की लंबे समय से लंबित आकांक्षा अब पूरी हुई है।
उपराज्यपाल ने कहा कि दूरस्थ व भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में नागरिकों के घर के करीब आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार के ईज आफ लिविंग के दृष्टिकोण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नया केंद्र लोगों को निष्पक्ष, पारदर्शी, कुशल और परेशानी मुक्त पासपोर्ट सेवाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह के कारगिल का दौरा करने व कारगिल में पासपोर्ट सेवा केंद्र स्थापित करने में विदेश मंत्रालय के सहयोग की भी सराहना की।
वहीं, विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि कारगिल में पासपोर्ट केंद्र की स्थापना दूरदराज व कम सेवा वाले क्षेत्रों तक पासपोर्ट सेवाओं का विस्तार करने के सरकार के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व व विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के मार्गदर्शन में सरकार का उद्देश्य पासपोर्ट सेवाओं को अधिक सुलभ, नागरिक-केंद्रित और प्रभावी बनाना है।
पोस्ट ऑफिस पासपोर्ट सेवा केंद्र के उद्घाटन समारोह में लद्दाख के सांसद मोहम्मद हनीफा, कारगिल स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी पार्षद डॉ. मोहम्मद जाफर अखून, विदेश मंत्रालय, डॉ.क विभाग व लद्दाख प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।