जम्मू में बिजली चोरों की अब खैर नहीं, 24 घंटे गुप्त शिकायत की सुविधा शुरू; जानें हेल्पलाइन नंबर-ईमेल
जम्मू में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए जेपीडीसीएल ने 24x7 हेल्पलाइन और ईमेल सेवा शुरू की है। अब ...और पढ़ें

जम्मू में बिजली चोरी की गुप्त शिकायत पर तुरंत पहुंचेगी टीम। (फाइल फोटो)
HighLights
24x7 हेल्पलाइन और ईमेल सेवा का औपचारिक संचालन शुरू।
सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी।
ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति मिलेगी।
जागरण संवाददाता, जम्मू। बिजली चोरी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते करते हुए विभाग ने चौबीसों घंटे सक्रिय रहने वाली एक विशेष हेल्पलाइन सेवा और ईमेल सुविधा का औपचारिक संचालन शुरू कर दिया है। अब कोई भी सतर्क नागरिक किसी भी समय 24x7 चालू रहने वाले हाटलाइन नंबर 0191-2958222 पर सीधे काल करके या आधिकारिक ईमेल theftcomplaintjpdcl@gmail.com पर संदेश भेजकर बिजली चोरी से जुड़ी घटनाओं की सटीक जानकारी दर्ज करवा सकता है।
इस पूरी प्रक्रिया की सबसे प्रमुख विशेषता यह है कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम, पता या पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी। नागरिकों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी उजागर करने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं होगी, जिससे वे बिना किसी भय, दबाव या सामाजिक संकोच के पूर्णतः गुमनाम रहकर बिजली चोरों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सीधी शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
विभाग ने इस हेल्पलाइन तंत्र को त्वरित कार्रवाई प्रणाली से जोड़ा है ताकि प्राप्त होने वाली हर एक गुप्त सूचना पर त्वरित जांच दल मौके पर पहुंचकर कानूनी कार्रवाई कर सके।
पड़ोसियों के डर से अब शिकायत रोकने की जरूरत नहीं
अक्सर लोग पड़ोसियों या प्रभावशाली व्यक्तियों के डर से सामने आकर शिकायत दर्ज कराने से कतराते हैं जिसका सीधा फायदा अवैध बिजली का उपभोग करने वाले लोग उठाते हैं। इसी समस्या के स्थायी समाधान के रूप में इस गुप्त रिपोर्टिंग व्यवस्था को जमीन पर उतारा गया है।
दिन हो या रात, हेल्पलाइन पर आने वाले प्रत्येक संदेश और काल को अत्यंत संवेदनशील मानकर तुरंत उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा जिससे अवैध गतिविधियों पर बिना किसी देरी के शिकंजा कसा जा सके।
जेपीडीसीएल की जनहित में व्यापक मुहिम
यह पहल जम्मू पावर डिस्ट्रीब्यूशन कारपोरेशन लिमिटेड (जेपीडीसीएल) द्वारा जनहित में शुरू की गई एक व्यापक सामाजिक सुरक्षा मुहिम का अहम हिस्सा है। निगम ने आम जनता से विद्युत तंत्र की सुरक्षा में एक सजग प्रहरी की भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
इस व्यवस्था के तहत विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली किसी भी गैर-कानूनी गतिविधि, जैसे कि मीटर को बाईपास करके सीधे बिजली का इस्तेमाल करना, बिजली लाइनों पर अवैध कुंडी डालना, मीटर उपकरणों के साथ किसी भी प्रकार की तकनीकी छेड़छाड़ करना अथवा विद्युत खंभों व ट्रांसफार्मरों के पास दिखने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना इस हेल्पलाइन पर दें।
ईमानदार उपभोक्ताओं के हित और व्यवस्था की सुरक्षा
बिजली चोरी से न केवल सरकारी राजस्व का बड़ा नुकसान होता है बल्कि ट्रांसफार्मरों पर जरूरत से ज्यादा लोड बढ़ जाता है। इसके चलते आए दिन फ्यूज उड़ने, ट्रांसफार्मर जलने और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याएं पैदा होती हैं। इसका खामियाजा उन ईमानदार उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है जो नियमित बिल भरते हैं।
विभाग का मानना है कि सामूहिक सहयोग से ही इस समस्या को जड़ से मिटाया जा सकता है, ताकि सभी को निर्बाध, सुरक्षित और निष्पक्ष बिजली आपूर्ति मिल सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।