JKSSB नकल घोटाला: 4 सरकारी कर्मचारी भी गिरफ्तार, परीक्षा केंद्र से बाहर कार में बैठे युवकों तक पहुंचाते थे पेपर
जेकेएसएसबी अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में नकल के खेल में चार सरकारी कर्मचारी गिरफ्तार हुए हैं। एसआईटी ने अब तक 20 ...और पढ़ें

JKSSB परीक्षा नकल कांड में अब तक 20 आरोपी गिरफ्तार। (फाइल फोटो)
HighLights
सरकारी कर्मचारियों की नकल में संलिप्तता सामने आई।
प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्र से बाहर कारों तक पहुंचाए गए।
एसआईटी ने अब तक 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जेकेएसएसबी की अकाउंट्स असिस्टेंट परीक्षा में नकल करवाने की साजिश के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इस पूरे खेल में अब चार सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है। जम्मू पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया है कि सरकारी कर्मचारियों का काम परीक्षा केंद्रों से प्रश्नपत्र बाहर पहुंचाकर कारों में बैठे युवकों तक देना था। इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली गई थी।
नकल करवाने के लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर अलग-अलग टीमें तैनात की गई थीं। पुलिस ने पहले तीन परीक्षा केंद्रों के बाहर से आठ युवकों को गिरफ्तार किया था। इन युवकों की योजना इलेक्ट्रानिक उपकरणों के माध्यम से परीक्षा केंद्रों के अंदर बैठे छह अभ्यर्थियों तक प्रश्नों के उत्तर पहुंचाने की थी।
अब जांच के दौरान एक अन्य परीक्षा केंद्र के बाहर भी इसी तरह का नेटवर्क सक्रिय होने का पता चला है। पुलिस ने वहां से भी कुछ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है, जो कथित तौर पर नकल करवाने के बदले ली जानी थी।
नकल के लिए खरीदे गए थे हाईटेक डिवाइस
दोमाना पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों को पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि नकल के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले इलेक्ट्रानिक उपकरण कुछ दिन पहले ही खरीदे गए थे।
इन उपकरणों की खासियत है कि ये 200 से 300 मीटर के दायरे में आपस में जुड़े रह सकते हैं। पुलिस अब इनकी खरीद के स्रोत और अभ्यर्थियों तक इन्हें पहुंचाने की योजना का पता लगा रही है।
परीक्षा केंद्र के अंदर-बाहर बनाई थीं टीमें
पूरे नेटवर्क में परीक्षा केंद्रों के अंदर और बाहर अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटी गई थीं। बाहर मौजूद सदस्य प्रश्नों के उत्तर तैयार कर इलेक्ट्रानिक उपकरणों के जरिये अंदर बैठे अभ्यर्थियों तक पहुंचाने वाले थे। वहीं, कुछ सरकारी कर्मचारियों की भूमिका प्रश्नपत्र बाहर पहुंचाने की थी।
गौरतलब है कि 15 नवंबर को आयोजित परीक्षा में नकल करवाने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने आठ वायरलेस सेट, करीब 22 मोबाइल फोन और पांच चारपहिया वाहन बरामद किए थे। एसएसपी जम्मू की देखरेख में एसडीपीओ दोमाना के नेतृत्व में गठित एसआइटी मामले की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।