विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JKSSB नकल घोटाला: कार में बैठकर अंदर करवा रहे थे पेपर, दो और गाड़ियां जब्त की; अब तक 20 गिरफ्तार

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:46 PM (IST)

जम्मू पुलिस ने जेकेएसएसबी अकाउंट असिस्टेंट परीक्षा नकल मामले में दो और कारें जब्त की हैं, जिससे कुल जब्त वाहनों की संख्या छह हो गई है। अब तक 20 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जिनमें चार सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं।

JKSSB परीक्षा में नकल करवाने के मामले में दो और गाड़ियां जब्त। (फाइल फोटो)

JKSSB परीक्षा में नकल करवाने के मामले में दो और गाड़ियां जब्त। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. जेकेएसएसबी नकल मामले में दो और कारें जब्त की गईं।

  2. अब तक कुल 20 आरोपी गिरफ्तार, जिनमें सरकारी कर्मचारी भी।

  3. पुलिस इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही।

जागरण संवाददाता, जम्मू। जेकेएसएसबी की अकाउंट असिस्टेंट परीक्षा में नकल करवाने वाले गिरोह के खिलाफ जम्मू पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने इस मामले में दो और कारों को जब्त किया है। इन वाहनों का इस्तेमाल परीक्षा केंद्रों के बाहर बैठकर इलेक्ट्रानिक उपकरणों के माध्यम से अंदर परीक्षा दे रहे अभ्यर्थियों को नकल करवाने के लिए किया जा रहा था। इसके साथ ही इस मामले में अब तक जब्त वाहनों की संख्या छह हो गई है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि नकल करवाने के बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलने की योजना थी। पुलिस ने कुछ नकदी भी बरामद की है।

यह रकम उन लोगों को दी जानी थी, जो परीक्षा केंद्रों के अंदर बैठे अभ्यर्थियों को नकल करवाने में मदद कर रहे थे। जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

अन्य सरकारी भर्ती परीक्षाओं में भी नकल कराने का शक

पुलिस यह आशंका जता रही है कि इस मामले में पकड़े गए युवाओं ने केवल जेकेएसएसबी की परीक्षा में ही नहीं, बल्कि अन्य सरकारी नौकरियों के लिए आयोजित लिखित परीक्षाओं में भी इसी तरह इलेक्ट्रानिक उपकरणों का इस्तेमाल कर नकल करवाई होगी। पुलिस अब गिरोह के पुराने नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

नकल गिरोह के मामले में अब तक 20 गिरफ्तार

इस मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें चार सरकारी कर्मचारी भी शामिल हैं। पुलिस जब्त किए गए वाहनों, बरामद नकदी और इलेक्ट्रानिक उपकरणों के आधार पर गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। एसएसपी जम्मू जल्द ही इस मामले में दोबारा पत्रकार वार्ता कर जांच में सामने आए तथ्यों और आरोपितों के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दे सकते हैं।

दोमाना में ऐसे पकड़ा गया था नकल गिरोह

15 नवंबर को जेकेएसएसबी की अकाउंट असिस्टेंट परीक्षा के दौरान जम्मू पुलिस को सूचना मिली थी कि दोमाना इलाके में कुछ लोग परीक्षा केंद्रों के बाहर कारों में बैठकर इलेक्ट्रानिक उपकरणों के जरिये अंदर बैठे अभ्यर्थियों को नकल करवा रहे हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और 14 संदिग्धों को हिरासत में लिया था।

तलाशी के दौरान इलेक्ट्रानिक उपकरण और अन्य संदिग्ध सामग्री बरामद की गई। जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।