JK: जम्मू कश्मीर बैंक की चयन सूची बहाल करने की मांग पर पैंथर्स चेयरमैन ने भाजपा का पुतला फूंका
हर्षदेव सिंह ने कहा कि हमारी मांग यह है कि युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए पद भरे जाएं। जो कर्मी बर्खास्त किए गए है उन्हें बहाल किया जाए।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। पैंथर्स पार्टी के चेयरमैन हर्षदेव सिंह ने जम्मू कश्मीर बैंक की चयन सूची और स्वास्थ्य कर्मियों को बहाल करने की मांग करते हुए गांधी नगर मेन स्टाप पर केंद्र की भाजपा सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में सबसे अधिक युवाओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा के प्रति लोगों का रोष बढ़ता जा रहा है। जम्मू कश्मीर बैंक में युवाओं को रोजगार देने के लिए बनाई गई चयन सूची पर सरकार ने रोक लगा दी है। इससे युवा काफी परेशान है। बैंक में चयन का काम एक आरबीआई की तरफ से निर्धारित एजेंसी ने किया है।
चयन सूची पर रोक लगाना जम्मू के युवाओं के साथ बेइंसाफी है। प्रशासन ने कोरोना से उपजे हालात के बीच स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को नौकरी से बाहर निकाल दिया है। सरकार ने सूचना विभाग के चालीस कर्मियों को भी बाहर निकाल दिया है। इस हालात में प्रभावित परिवारों के लिए गुजर बसर करना मुश्किल हो गया है। हमारी मांग यह है कि युवाओं को रोजगार के अवसर देने के लिए पद भरे जाएं। जो कर्मी बर्खास्त किए गए है, उन्हें बहाल किया जाए।