जम्मू-कश्मीर में मेडिकल की बची सीटों पर फिर मौका, BAMS-BUMS-BHMS के लिए स्ट्रे राउंड शुरू; जानें पूरी प्रक्रिया
जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेकेबोपी) ने बीएएमएस, बीयूएमएस और बीएचएमएस पाठ्यक्रमों की बची सीटों के लिए स्ट्रे राउंड काउंसलिंग की घोषणा की है।

जम्मू-कश्मीर में मेडिकल की खाली सीटों पर फिर शुरू हुई काउंसलिंग। (फोटो- इंटरनेट मीडिया)
HighLights
जेकेबोपी ने बीएएमएस, बीयूएमएस, बीएचएमएस स्ट्रे राउंड काउंसलिंग घोषित की।
ऑनलाइन काउंसलिंग 3 से 5 नवंबर तक, नई पसंद भरना अनिवार्य।
सभी उपलब्ध सीटें ओपन मेरिट में परिवर्तित, पात्र अभ्यर्थी भाग लें।
जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेकेबोपी) ने बीएएमएस, बीयूएमएस और बीएचएमएस पाठ्यक्रमों में बची सीटों को भरने के लिए स्ट्रे राउंड काउंसलिंग की घोषणा कर दी है। बोर्ड की अधिसूचना के अनुसार, आनलाइन काउंसलिंग तीन नवंबर को सुबह 11:30 बजे से शुरू और पांच नवंबर की मध्यरात्रि तक चलेगी। इस दौरान पात्र अभ्यर्थियों को नए सिरे से अपनी पसंद भरनी होगी।
स्ट्रे राउंड में वे अभ्यर्थी पात्र होंगे, जिन्हें काउंसलिंग के किसी भी पिछले चरण में सीट आवंटित नहीं हुई है। इसके अलावा जिन अभ्यर्थियों को पिछले किसी राउंड में सीट मिली थी, लेकिन उन्होंने संबंधित संस्थान में प्रवेश नहीं लिया, वे भी इसमें भाग ले सकेंगे।
हालांकि,जो अभ्यर्थी पहले से किसी संस्थान में सीट पर प्रवेश लेकर उसे धारण किए हुए हैं, वे इस राउंड में शामिल नहीं हो सकेंगे।नीट-यूजी 2026 में पात्र वे अभ्यर्थी भी स्ट्रे राउंड में भाग ले सकेंगे, जिन्होंने इससे पहले किसी भी काउंसलिंग राउंड में हिस्सा नहीं लिया है। ऐसे अभ्यर्थियों को पहले 1500 रुपये काउंसलिंग शुल्क जमा करना होगा और इसके बाद पसंद भरनी होगी।
सभी उपलब्ध सीटें ओपन मेरिट
जेकेबोपी ने स्पष्ट किया है कि माप-अप राउंड में आरक्षित वर्ग की जो सीटें खाली रह गई थीं, उन्हें नियमों के तहत ओपन मेरिट में परिवर्तित किया गया है। इसलिए स्ट्रे राउंड में उपलब्ध सभी सीटें ओपन मेरिट सीटें होंगी।
बोर्ड ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट किया है कि पिछले राउंड में भरी गई पसंद निरस्त मानी जाएगी। स्ट्रे राउंड के लिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को नई प्रेफरेंस भरना अनिवार्य होगा। नई पसंद नहीं भरने वाले अभ्यर्थियों को सीट आवंटन के लिए विचार नहीं किया जाएगा।
सीट आवंटित होने के बाद निर्धारित समय में प्रवेश न लेने पर सीट रद मानी जाएगी और अभ्यर्थी का उस सीट पर दावा समाप्त हो जाएगा। बोर्ड अलग से सीट मैट्रिक्स जारी करेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।