विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

B.Ed में एडमिशन का आखिरी मौका, खाली सीटों के लिए 21 सितंबर से जमा होंगे आवेदन

Published: Sun, 20 Sep 2026 03:27 PM (IST)

जम्मू-कश्मीर में बीएड पाठ्यक्रम-2026 की खाली सीटों को भरने के लिए जेकेबोपी ने स्ट्रे राउंड-2 काउंसलिंग की घोषणा की है।

जेकेबोपी कार्यालय में 23 सितंबर तक जमा करें फॉर्म।

जेकेबोपी कार्यालय में 23 सितंबर तक जमा करें फॉर्म।

HighLights

  1. जेकेबोपी द्वारा बीएड की खाली सीटों के लिए स्ट्रे राउंड-2 काउंसलिंग

  2. आवेदन प्रक्रिया 21 सितंबर से शुरू होकर 23 सितंबर तक चलेगी

  3. पात्र अभ्यर्थी जम्मू या श्रीनगर स्थित कार्यालय में आवेदन जमा करें

जागरण संवाददाता, जम्मू। जम्मू-कश्मीर के सरकारी कालेजों और संस्थानों में बीएड पाठ्यक्रम-2026 में खाली रह गई सीटों को भरने के लिए जेके बोर्ड आफ प्रोफेशनल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेकेबोपी) ने स्ट्रे राउंड-2 काउंसलिंग आयोजित करने का फैसला किया है।

बोर्ड ने इसके लिए अधिसूचना जारी करते हुए पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से नए आवेदन और कालेजों के लिए प्राथमिकताएं आमंत्रित की हैं।

आवेदन और प्राथमिकताएं जमा करने की प्रक्रिया 21 सितंबर को सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थी 23 सितंबर को शाम चार बजे तक जम्मू या श्रीनगर स्थित जेकेबोपी कार्यालय में स्वयं या अपने प्रतिनिधि के माध्यम से आवेदन जमा कर सकते हैं।

जिन अभ्यर्थियों ने पहले पंजीकरण नहीं करवाया है, उन्हें काउंसलिंग फीस के रूप में एक हजार रुपये जमा करने होंगे। यह फीस कार्यालय में उपलब्ध पीओएस मशीन के माध्यम से क्रेडिट या डेबिट कार्ड से जमा की जा सकेगी।

बीएड में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी के पास साइंस, सोशल साइंस या हयुमेनिटी में स्नातक अथवा मास्टर डिग्री में कम से कम 50 प्रतिशत अंक होने चाहिए। इंजीनियरिंग या टेक्नोलाजी में विज्ञान एवं गणित विशेषज्ञता वाले अभ्यर्थियों के लिए 55 प्रतिशत अंक आवश्यक हैं।

एससी, एसटी-वन, एसटी-टू, ओबीसी, एएलसी,आईबी और आरबीए वर्गों को पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। अभ्यर्थी का जम्मू-कश्मीर या लद्दाख का डोमिसाइल होना भी जरूरी है।

बोर्ड के अनुसार, पहले चरण में सीटों का आवंटन बीएड-2026 सीईटी की मेरिट के आधार पर होगा। सीटें बचने पर संबंधित अभ्यर्थियों की क्वालिफाइंग परीक्षा के कुल अंकों के आधार पर आवंटन किया जाएगा।

समान अंक होने की स्थिति में अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी।बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इस राउंड में उपलब्ध सभी सीटें ओपन मेरिट की होंगी। पहले से किसी सीट पर दाखिला ले चुके अभ्यर्थी इस काउंसलिंग में भाग नहीं ले सकेंगे।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में लागू होगा 5-डे स्कूल वीक? शनिवार-रविवार की छुट्टी पर विचार कर रहा शिक्षा विभाग