जम्मू-कश्मीर-पुडुचेरी का रणजी मुकाबला ड्रॉ, बोनस अंक के साथ टीम के खाते में आए 3 अंक; शुभम मैन ऑफ द मैच
श्रीनगर में जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी के बीच रणजी ट्रॉफी एलीट ए ग्रुप का मुकाबला ड्रॉ रहा। जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर और पुडुचेरी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। (फोटो- जागरण/साहिल मीर)
HighLights
जम्मू-कश्मीर-पुडुचेरी रणजी ट्रॉफी मैच श्रीनगर में ड्रा हुआ।
शुभम खजुरिया ने 190 रन बनाकर मैन ऑफ द मैच बने।
जम्मू-कश्मीर को पहली पारी की बढ़त से बोनस अंक मिले।
जागरण संवाददाता, जम्मू। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्राफी एलीट ए ग्रुप का चार दिवसीय मुकाबला मेजबान जम्मू-कश्मीर और मेहमान पुडुचेरी के बीच ड्रॉ रहा है। जम्मू-कश्मीर की टीम पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर बोनस अंक सहित कुल तीन अंक अर्जित करने में सफल रही जबकि प्रतिद्वंद्वी टीम को मात्र एक अंक से संतोष करना पड़ा है। अंक तालिका में जम्मू-कश्मीर की टीम ने चार मुकाबले खेलकर अभी तक कुल पांच अंक हासिल कर लिए हैं।
जम्मू-कश्मीर की टीम ने आज सुबह चौथे एवं अंतिम दिन पुडुचेरी के विरुद्ध पांच विकेट के नुकसान पर 491 रन से आगे बल्लेबाजी करना शुरू की और 135 ओवर में छह विकेट के खोकर 555 रन बनाकर 170 रन की पहली पारी में बढ़त बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा की।
जम्मू-कश्मीर की ओर से विकेटकीपर रिद्म शर्मा 20 रन और उमर नजीर 28 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले जम्मू-कश्मीर की ओर से शुभम खजुरिया ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 330 गेंदों में 28 चौकों और दो छक्कों की मदद से इस सीजन के सर्वाधिक 190 रन बनाए। उन्हें मैच की समाप्ति पर मैन ऑफ द मैच चुना गया।
गौरव यादव और सागर ने दो-दो विकेट चटकाए
पुडुचेरी की ओर से गौरव यादव और सागर ने दो-दो विकेट चटकाए, जबकि अंकित शर्मा एक विकेट हासिल करने में सफल रहे। जवाब में पुडुचेरी की टीम ने दूसरी पारी की शुरूआत की और चौथे एवं अंतिम दिन 65 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 269 रन बनाए।
अंकित शर्मा ने सर्वाधिक 62 रन बनाए जबकि अमन खान ने 52 रन, रितेश ने 38 रन और विकेटकीपर प्रसाद पवार ने 32 रन बनाए। जम्मू-कश्मीर की ओर से उमर नजीर व वसीम खांडे ने दो-दो विकेट चटकाए जबकि सुनील कुमार और रोहित शर्मा एक-एक विकेट हासिल करने में सफल रहे।
बल्लेबाजों के दम पर जम्मू-कश्मीर ने मैच में बनाई मजबूत पकड़
गौरतलब है कि पुडुचेरी की टीम ने पहली पारी में 93.2 ओवर में 385 रन बनाए थे, जबकि जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम ने पहली पारी में छह विकेट के नुकसान पर 555 रन बनाकर पारी समाप्ति की घोषणा की।
अंत में आज मैच संपन्न होने तक पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर बोनस अंक हासिल करने में सफल रही।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।