दरबार मूव पर स्पीकर अब्दुल रहीम राथर का बयान, बताया जम्मू-कश्मीर के लिए क्यों जरूरी है यह परंपरा?
जम्मू-कश्मीर विधानसभा अध्यक्ष राथर ने दरबार मूव की परंपरा को जारी रखने का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि यह ...और पढ़ें

दरबार मूव जारी रखने के पक्ष में विधानसभा अध्यक्ष राथर। (फाइल फोटो)
HighLights
विधानसभा अध्यक्ष राथर ने दरबार मूव जारी रखने का समर्थन किया।
यह परंपरा जम्मू-कश्मीर के लोगों की भावनाओं से जुड़ी है।
सरकार को लोगों की इच्छाओं का सम्मान करना चाहिए।
राज्य ब्यूरो, जम्मू। जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर ने दरबार मूव की परंपरा को जारी रखने का समर्थन करते हुए कहा है कि यह परंपरा जम्मू और कश्मीर दोनों क्षेत्रों के लोगों की भावनाओं एवं आकांक्षाओं से जुड़ी हुई है। इसलिए सरकार को लोगों की इच्छाओं का सम्मान करते हुए इसे जारी रखना चाहिए।
सोमवार को जम्मू में दरबार मूव के तहत विधानसभा सचिवालय के दोबारा खुलने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए राथर ने कहा कि दरबार मूव कोई नई व्यवस्था नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी परंपरा है। हालांकि, बीच में इसे कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया था, लेकिन सरकार ने विचार-विमर्श के बाद पिछले साल इसे फिर से बहाल करने का फैसला लिया।
दरबार मूव जारी रखने की थी जम्मू के लोगों की मांग
उन्होंने कहा कि दरबार मूव को दोबारा शुरू करने का निर्णय जम्मू क्षेत्र के लोगों की मांग और उनकी भावनाओं को ध्यान में रखकर लिया गया था। जम्मू के लोगों की इच्छा थी कि यह परंपरा जारी रहे और सरकार ने उनकी आकांक्षाओं का सम्मान करते हुए इसे बहाल किया।
जम्मू में दरबार मूव के दौरान भी सरकारी कामकाज और सेवाएं रहेंगी सुचारु
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के सभी क्षेत्रों के लोगों की भावनाओं और अपेक्षाओं का सम्मान करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जम्मू में छह महीने के प्रवास के दौरान भी लोगों को उसी तरह सेवाएं प्रदान करेगी, जिस तरह कश्मीर में रहते हुए करती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि दरबार मूव केवल सरकारी कार्यालयों के स्थानांतरण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जम्मू और कश्मीर के बीच आपसी जुड़ाव और दोनों क्षेत्रों की आकांक्षाओं से भी जुड़ा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।